बरेली: नगर निगम की वेबसाइट पर साइबर हमला, टैक्स बिलिंग से ई-टेंडर तक सभी ऑनलाइन सेवाएं ठप, रोजाना 80 लाख का राजस्व फंसा
- Advertisement -
बरेली: नगर निगम की वेबसाइट पर साइबर हमला, टैक्स बिलिंग से ई-टेंडर तक सभी ऑनलाइन सेवाएं ठप, रोजाना 80 लाख का राजस्व फंसा
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*हैकर्स ने सी-पैनल और डब्ल्यूएचएम को बनाया निशाना, ब्लू होस्ट सर्वर पर डेटा एक्सेस मुश्किल, तकनीकी टीम ने शुरू किया रिकवरी ऑपरेशन*
बरेली नगर निगम की डिजिटल व्यवस्था पर साइबर अटैक से हड़कंप मच गया है। वायरस हमले के कारण निगम की वेबसाइट पूरी तरह ठप हो गई है। इससे कर बिलिंग, ई-टेंडरिंग और पेटीएम पेमेंट जैसी सभी ऑनलाइन सेवाएं बंद पड़ी हैं।
*सी-पैनल और डब्ल्यूएचएम पर हमला, डेटाबेस तक पहुंचना बना चुनौती*
जानकारी के अनुसार हैकर्स ने नगर निगम की वेबसाइट के मुख्य नियंत्रण केंद्र सी-पैनल और डब्ल्यूएचएम को निशाना बनाया है। वेबसाइट अमेरिकी होस्टिंग कंपनी ब्लू होस्ट के सर्वर पर संचालित हो रही थी। सर्वर के मुख्य ढांचे पर हमले के बाद डेटाबेस तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
इस कारण शहरवासियों के टैक्स जमा करने, ऑनलाइन बिलिंग और सरकारी परियोजनाओं के लिए जरूरी ई-टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह रुक गई है। निगम प्रशासन का कहना है कि इससे कामकाज में बाधा के साथ जनता को भी परेशानी हो रही है।
*रोजाना 50 से 80 लाख का नुकसान, सेवाएं बहाल करने में जुटी टीम*
आंकड़ों के मुताबिक, सामान्य दिनों में ऑनलाइन माध्यम से निगम को प्रतिदिन 50 से 80 लाख रुपये का राजस्व मिलता है। सिस्टम बंद होने से यह पूरी रिकवरी रुक गई है। अब तक करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है।
नगर निगम की तकनीकी टीम अरिहंस और ब्लू होस्ट के साथ मिलकर डेटा बैकअप सुरक्षित करने और सर्वर को क्लीन करने में जुटी है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक तौर पर वायरस अटैक की आशंका है। टीम लगातार निगरानी कर रही है और जल्द सेवाएं बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अगर जल्द सिस्टम नहीं चला तो वित्त वर्ष के राजस्व लक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं।