बरेली में डिजिटल जनगणना का आगाज: 7 मई से खुद भरें अपना डेटा, DM ने कहा- ये है भविष्य की नींव
- Advertisement -
बरेली में डिजिटल जनगणना का आगाज: 7 मई से खुद भरें अपना डेटा, DM ने कहा- ये है भविष्य की नींव
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*स्व-गणना पोर्टल से मिलेगा SE-ID, 22 मई से घर आएंगे प्रगणक, सोशल मीडिया पर सेल्फी शेयर करने की अपील, दफ्तर-अस्पतालों में लगेंगे कैंप*
बरेली में जनगणना को लेकर प्रशासन ने डिजिटल मोड में तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। इस बार केंद्र सरकार ने लोगों को खुद की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने का विकल्प दिया है।
*7 से 21 मई तक चलेगा स्व-गणना अभियान, मिलेगी SE-ID*
DM के मुताबिक, स्व-गणना का फेज 7 मई से 21 मई तक चलेगा। https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर लोग अपना विवरण भर सकते हैं। जानकारी दर्ज करने के बाद एक SE-ID जनरेट होगी। 22 मई से 20 जून के बीच जब प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तो सिर्फ यही आईडी दिखानी होगी। इससे समय की बचत होगी और डेटा में त्रुटि की संभावना भी कम होगी।
DM ने कहा कि जनगणना सिर्फ आबादी गिनने का काम नहीं है। इससे मिलने वाले आंकड़े स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक नीतियों की दिशा तय करेंगे। मकान सूचीकरण और गणना का काम पहले ही शुरू हो चुका है।
*सोशल मीडिया से लेकर पंचायत भवन तक बनेगा जागरूकता का केंद्र*
प्रशासन ने अभियान को उत्सव का रूप देने की योजना बनाई है। DM ने नागरिकों से स्व-गणना के बाद अपनी सेल्फी सोशल मीडिया और व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाने का अनुरोध किया है, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों। तकनीकी समस्या होने पर 0581-2422202 और 2428188 पर कंट्रोल रूम से मदद ली जा सकती है।
विकास भवन में हुई बैठक में सभी विभागाध्यक्षों को अपने कर्मचारियों की 100% स्व-गणना कराने के निर्देश दिए गए हैं। तहसील सदर में राशन डीलरों को प्रशिक्षित कर कार्डधारकों की मदद का टारगेट दिया गया है। अस्पतालों में आशा संगिनी और डॉक्टरों को जोड़ा गया है, जबकि पंचायत भवनों को सूचना केंद्र बनाया जाएगा।
*युवा और वकील भी निभाएंगे अहम भूमिका*
जनगणना को समावेशी बनाने के लिए बार एसोसिएशन, अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को भी अभियान में शामिल किया गया है। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं को ट्रेनिंग देकर परिवार और पड़ोसियों की स्व-गणना करवाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में कैंप मोड में पंजीकरण के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात रहेंगे। बैठक में ADM FR संतोष कुमार सिंह और BDA सचिव वंदिता श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।