बरेली में चौपला बदायूं रोड पर जाम से निजात दिलाएगा अंडरपास, पार्षद राजेश अग्रवाल ने रेलवे को सौंपा पत्र
- Advertisement -
बरेली में चौपला बदायूं रोड पर जाम से निजात दिलाएगा अंडरपास, पार्षद राजेश अग्रवाल ने रेलवे को सौंपा पत्र
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*डेढ़ लाख आबादी को राहत, कांवड़ यात्रा और स्कूल बच्चों की सुरक्षा के लिए अंडरपास निर्माण की मांग*
*बरेली, चौपला बदायूं रोड पर फ्लाईओवर बनने के बाद भी लगातार लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अंडरपास निर्माण की मांग उठाई है। चौपला बदायूं रोड रेल अंडरपास संघर्ष समिति के संयोजक और पार्षद राजेश अग्रवाल ने मंडल रेल प्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर को ज्ञापन सौंपकर चौपला से बदायूं रोड तक रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाने की मांग की।
*फ्लाईओवर पर जाम, छोटे वाहन चालक असुरक्षित*
राजेश अग्रवाल ने कहा कि फ्लाईओवर बनने के बाद भी चौपला बदायूं रोड पर यातायात का दबाव कम नहीं हुआ है। सुभाष नगर, मढीनाथ और बदायूं रोड की बढ़ती आबादी के साथ-साथ बरेली और अन्य जिलों के लोग भी इसी मार्ग से निकलते हैं। इससे फ्लाईओवर पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। सबसे ज्यादा खतरा स्कूली बच्चों और छोटे वाहन चालकों को रहता है।
*डेढ़ लाख आबादी को मिलेगा फायदा, व्यापार भी बढ़ेगा*
ज्ञापन में कहा गया है कि अंडरपास बनने से डेढ़ लाख स्थानीय आबादी के साथ बाहरी क्षेत्र के लोगों को भी राहत मिलेगी। सुभाष नगर, मढीनाथ और बदायूं रोड के गांवों के निवासियों का आवागमन सुगम होगा। बदायूं रोड, स्टेशन रोड, सिविल लाइंस और बिहारीपुर क्षेत्र आपस में जुड़ जाएंगे, जिससे व्यापार में भी बढ़ोतरी होगी।
बरेली नाथ नगरी है और सुभाष नगर, मढीनाथ, अलखनाथ, त्रिवटीनाथ मंदिर का मुख्य मार्ग भी यही है। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कछला से पवित्र जल लेकर इन्हीं मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। फ्लाईओवर पर जाम और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
*फ्लाईओवर मरम्मत के नाम पर बार-बार बंद, अंडरपास बनेगा वैकल्पिक मार्ग*
राजेश अग्रवाल ने बताया कि सुभाष नगर पुलिया में जलभराव होने पर सारा यातायात चौपला फ्लाईओवर पर आ जाता है, जिससे घंटों जाम रहता है। इसके अलावा मरम्मत के नाम पर फ्लाईओवर अक्सर बंद कर दिया जाता है। वर्तमान में भी 45 दिनों के लिए फ्लाईओवर बंद होने वाला है। अंडरपास बनने से छोटे यातायात के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित में चौपला बदायूं मार्ग पर रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर कराने की अपील की है।