बरेली में मौत का पाइपलाइन खेल: 20 हजार लोगों को बारूद पर बिठाकर काटी PNG गैस लाइन, आरोपियों ने टीम को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा*
- Advertisement -
बरेली में मौत का पाइपलाइन खेल: 20 हजार लोगों को बारूद पर बिठाकर काटी PNG गैस
लाइन, आरोपियों ने टीम को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा*
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*पीर बहोड़ा में प्लास्टिक पाइप से लाखों की गैस चोरी, CUGL ने ठोकी 1.80 लाख पेनाल्टी; DM ने बैठाई जांच, संगठित गैंग पर शक*
*बरेली, इज्जतनगर के पीर बहोड़ा में गैस माफियाओं ने हैवानियत की हद पार कर दी। दो आरोपियों ने 20 हजार से ज्यादा लोगों की जान को बारूद के ढेर पर रखकर PNG की मेन लाइन काट डाली। रेगुलेटर बाइपास कर घर में प्लास्टिक का पाइप जोड़ लिया और महीनों से लाखों की गैस चोरी कर रहे थे। एक चिंगारी भड़कती तो पूरा मोहल्ला राख हो जाता। CUGL की टीम ने जब चोरी रंगे हाथ पकड़ी तो आरोपियों ने कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और मोबाइल छीनने लगे।
*11 अप्रैल को पेट्रोलिंग में खुला मौत का खेल*
CUGL के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम ने इज्जतनगर थाने में FIR कराई है। बताया कि 11 अप्रैल दोपहर 3 बजे पेट्रोलिंग टीम के हर्षित और मुकेश पीर बहोड़ा में लाइन चेक कर रहे थे। सफरुद्दीन और मुस्ताब खान के घर के बाहर गैस पाइप कटी मिली। अंदर झांका तो होश उड़ गए। मेन लाइन से रेगुलेटर हटाकर सीधे प्लास्टिक पाइप से कनेक्शन जोड़कर गैस उड़ाई जा रही थी।
जैसे ही कर्मचारियों ने वीडियो बनाना शुरू किया, दोनों आरोपी जानवरों की तरह टूट पड़े। गाली-गलौज कर मोबाइल छीनने लगे। टीम किसी तरह जान बचाकर भागी और कंपनी को सूचना दी। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों पर गैस चोरी, सरकारी काम में बाधा और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज है। दबिश दी जा रही है।
*तकनीकी गैंग का काम, DM ने दिए जांच के आदेश*
CUGL ने तुरंत दोनों जगह लाइन सील कर आरोपियों पर 1.80 लाख की पेनाल्टी ठोक दी है। सीनियर मैनेजर का साफ कहना है कि बिना टेक्निकल जानकारी के रेगुलेटर बाइपास करना नामुमकिन है। ये किसी संगठित गैस चोर गैंग का काम है।
DM अविनाश सिंह ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए सिटी मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए हैं। पुलिस भी दूसरे साथियों की तलाश में जुट गई है।
*संकरी गलियों में ब्लास्ट होता तो लाशें गिनना मुश्किल था*
CUGL अफसरों ने चेताया कि पीर बहोड़ा की गलियां इतनी संकरी हैं कि गैस ब्लास्ट होने पर फायर ब्रिगेड अंदर घुस ही नहीं पाती। 20 हजार की आबादी एक साथ चपेट में आ जाती।
इस खुलासे के बाद CUGL ने पूरे बरेली में अलर्ट जारी कर दिया है। घनी बस्तियों में घर-घर पाइपलाइन और रेगुलेटर चेक किए जा रहे हैं। इज्जतनगर पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गैंग के बाकी चेहरे भी बेनकाब होंगे।