नवाबगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत
- Advertisement -
नवाबगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
*जादोपुर-सेंथल मार्ग पर देवरनियां के पास हुआ हादसा, सिद्धार्थ और रिंकू की मौके पर ही गई जान*
*बरेली, नवाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जादोपुर-सेंथल मार्ग पर गांव देवरनियां के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
*कौन थे दोनों मृतक*
मृतकों की पहचान शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बरगवां निवासी 20 वर्षीय सिद्धार्थ और नवाबगंज के गांव अटंगा योगी निवासी रिंकू सिंह के रूप में हुई है। दोनों रविवार रात बाइक से जादोपुर की ओर से सेंथल जा रहे थे। तभी देवरनियां गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
*हेलमेट पहने था सिद्धार्थ, फिर भी नहीं बची जान*
पुलिस के मुताबिक सिद्धार्थ ने हेलमेट लगाया हुआ था, जबकि रिंकू ने हेलमेट नहीं पहना था। इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सिद्धार्थ की भी जान नहीं बच सकी। सिद्धार्थ बहेड़ी स्थित गन्ना उत्पादक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी का छात्र था।
*परिवार में मचा कोहराम*
हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजन सीएचसी पहुंच गए। सिद्धार्थ की मौत से उसकी बहन मंजू, पिता पुरुषोत्तम गंगवार और मां शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को सीएचसी में रखवाने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
*अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस*
नवाबगंज पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और आरोपी चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
जादोपुर-सेंथल मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो घरों के चिराग बुझने से पूरे इलाके में शोक की लहर है।