इंस्टाग्राम कमेंट विवाद बना हत्या की वजह, 36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

0 107

- Advertisement -

इंस्टाग्राम कमेंट विवाद बना हत्या की वजह, 36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी, हत्या में इस्तेमाल ईंट समेत अहम साक्ष्य बरामद

बरेली में सोशल मीडिया पर हुई मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां इंस्टाग्राम पर कमेंटबाजी को लेकर हुए विवाद में एक पार्लर कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हालांकि, कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का 36 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह मामला 8 अप्रैल 2026 का है, जब पुरानी रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। बाद में मृतक की पहचान मलूकपुर निवासी 24 वर्षीय अमन रजा के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से तेजी से काम करते हुए 10 अप्रैल को मुख्य आरोपी समद मुसा (19) को सिटी सब्जी मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी और मृतक के बीच इंस्टाग्राम पर रील्स को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी को मृतक द्वारा किए गए कमेंट और इमोजी नागवार गुजर रहे थे, जिसके चलते उसने हत्या की साजिश रच डाली।

योजना के तहत आरोपी ने 7 अप्रैल की रात अमन को मिलने के लिए बुलाया। पहले उसे रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर धक्का दिया और मारपीट की, फिर एक सुनसान खंडहर में ले जाकर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून लगी ईंट, मृतक का आधार कार्ड, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इस पूरे ऑपरेशन में कोतवाली पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तेजी से केस सुलझाया, जिससे एक गंभीर वारदात का खुलासा कम समय में संभव हो सका।