बरेली में घर में घुसकर हमला: मां-बेटी को पीटा, बेटे को लाठी-डंडों से गंभीर घायल किया

0 7

- Advertisement -

बरेली में घर में घुसकर हमला: मां-बेटी को पीटा, बेटे को लाठी-डंडों से गंभीर घायल किया

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

पुरानी रंजिश के चलते वारदात, छह आरोपियों पर केस दर्ज; जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए हमलावर

बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तिलमास में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर घर में घुसकर हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने मां, बेटी और बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता सावजान पत्नी नूर हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना सुबह करीब 7 बजे की है। उस समय वह अपनी बेटी चंदा बी के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान गांव के ही जकी हसन, सलीम, बिलाल, खुर्शीद और मिस्कीन समेत अन्य लोग एक राय होकर उनके घर में जबरन घुस आए।
आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने मां-बेटी के साथ लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से मारपीट की।
शोर-शराबा सुनकर पीड़िता का बेटा अनवार अली मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, लेकिन हमलावरों ने उसे भी नहीं छोड़ा। आरोप है कि उसे बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि थाने से लौटने के बाद वे दोबारा हमला करेंगे। इस घटना के बाद से परिवार दहशत में है।

मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मीरगंज थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।