टोल प्लाजा पर आज से कैश बंद, FASTag और UPI से ही होगा भुगतान
- Advertisement -
टोल प्लाजा पर आज से कैश बंद, FASTag और UPI से ही होगा भुगतान
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
NHAI का बड़ा फैसला: फास्टैग बैलेंस या यूपीआई के बिना नहीं मिलेगा टोल पार करने की अनुमति, दरों में पहले ही हो चुकी है बढ़ोतरी
बरेली: अगर आप चार पहिया वाहन लेकर नेशनल हाईवे पर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो अब पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। शुक्रवार, 10 अप्रैल से देशभर के टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस कर दिए गए हैं। अब टोल टैक्स का भुगतान केवल FASTag या UPI के माध्यम से ही किया जा सकेगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के निर्देशों के अनुसार, टोल प्लाजा पर नकद (कैश) भुगतान की सुविधा पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। ऐसे में जिन वाहन चालकों के पास FASTag सक्रिय नहीं है या उसमें बैलेंस नहीं है, वे UPI के जरिए भुगतान कर सकते हैं। यदि दोनों में से कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है, तो वाहन को टोल प्लाजा से वापस कर दिया जाएगा।
इस फैसले का उद्देश्य टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम को कम करना और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना है।
फरीदपुर टोल प्लाजा पर बढ़ी दरें
बरेली से लखनऊ मार्ग पर स्थित फरीदपुर टोल प्लाजा पर टोल दरों में पहले ही 1 अप्रैल से बढ़ोतरी लागू हो चुकी है। नई दरों के अनुसार:
कार, जीप और वैन: एकल यात्रा 140 रुपये, वापसी 210 रुपये
हल्के व्यावसायिक वाहन: एकल यात्रा 225 रुपये, वापसी 340 रुपये
बस और ट्रक: एकल यात्रा 475 रुपये, वापसी 710 रुपये
तीन-एक्सल वाहन: एकल यात्रा 515 रुपये, वापसी 775 रुपये
मल्टी-एक्सल वाहन: एकल यात्रा 745 रुपये, वापसी 1,115 रुपये
सात-एक्सल वाहन: एकल यात्रा 905 रुपये, वापसी 1,360 रुपये
वहीं, 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय पास धारकों के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है, जो अब 360 रुपये हो गया है।
हालांकि, बरेली-पीलीभीत मार्ग पर स्थित रिठौरा के लभेड़ा टोल प्लाजा पर फिलहाल टोल दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नहीं होगा भुगतान तो लौटना पड़ेगा टोल प्रबंधन के अनुसार, जिन वाहनों में FASTag नहीं होगा या रिचार्ज नहीं होगा, उन्हें UPI के जरिए मौके पर भुगतान करना होगा। ऐसा न करने की स्थिति में वाहन को टोल प्लाजा पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बस किराये में भी बढ़ोतरी टोल टैक्स में वृद्धि का असर परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा है। रोडवेज ने बस किराये में 1 से 3 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है।
NHAI के परियोजना निदेशक ने स्पष्ट किया है कि 10 अप्रैल से सभी नेशनल हाईवे टोल प्लाजा को कैशलेस बनाने का निर्णय लागू कर दिया गया है, जिससे डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती मिलेगी।