बरेली में खनन विभाग का कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

0 57

- Advertisement -

बरेली में खनन विभाग का कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने के नाम पर मांगे थे ₹10 हजार, शिकायत के बाद जाल बिछाकर दबोचा गया आरोपी

बरेली। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने खनन विभाग में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महमूद को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सीबीगंज क्षेत्र के रहने वाले वेद प्रकाश ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। उनका आरोप था कि अवैध खनन के मामले में पकड़ी गई उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ने और उनके पक्ष में रिपोर्ट लगाने के एवज में कर्मचारी महमूद द्वारा ₹10,000 की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

जिला खनन अधिकारी पर भी लगे आरोप इस मामले में शिकायतकर्ता वेद प्रकाश ने जिला खनन अधिकारी मनीष कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एंटी करप्शन टीम सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

कोतवाली में दर्ज होगी रिपोर्ट गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बरेली के थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।