डीएम अविनाश सिंह ने गठित की जांच कमेटी, बोले“दोषियों को नहीं बख्शेंगे”, NHAI की भूमिका भी जांच के घेरे में

0 49

- Advertisement -

डीएम अविनाश सिंह ने गठित की जांच कमेटी, बोले“दोषियों को नहीं बख्शेंगे”, NHAI की भूमिका भी जांच के घेरे में

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के बड़ा बाइपास पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। रविवार शाम परधौली तिराहे के पास खड़े टैंकर से टकराकर बोलेरो और बाइक के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद डीएम अविनाश सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच कमेटी गठित कर दी है।

कैसे हुआ हादसा: लापरवाही और ओवरस्पीड बनी जानलेवा जनकारी के अनुसार, रामपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े क्षतिग्रस्त टैंकर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह चकनाचूर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक भी बोलेरो में जा भिड़ी, जिससे हादसा और भयावह हो गया।

मौके पर मौत का मंजर, पांच की गई जान
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने बाइक सवार दो युवकों और बोलेरो सवार तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान, बच्चों की हालत नाजुक
मृतकों में सीबीगंज के अटा कायस्थान निवासी मुमताज और शहजाद, फरीदपुर निवासी मनमोहन और बीसलपुर (पीलीभीत) निवासी दुर्गेश शामिल हैं। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में घायल तीन लोगों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

DM अविनाश सिंह का सख्त बयान
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा “यह बेहद दुखद और गंभीर हादसा है। प्रथम दृष्टया इसमें लापरवाही सामने आ रही है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा “हाईवे पर खड़े वाहनों और सुरक्षा इंतजामों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। NHAI समेत संबंधित एजेंसियों की भूमिका की भी जांच होगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”

पहले से खड़ा था ‘मौत का टैंकर’ स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार को इसी स्थान पर शीरे से भरे टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी। इसके बाद से क्षतिग्रस्त टैंकर सड़क किनारे खड़ा था, जिसे हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यही लापरवाही दूसरे बड़े हादसे की वजह बन गई।

पुलिस जांच में ओवरस्पीड की पुष्टि एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार, शुरुआती जांच में बोलेरो की ओवरस्पीड भी हादसे का एक बड़ा कारण सामने आया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया है और मामले की गहराई से जांच जारी है।

DM का निर्देश: ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर होगी कार्रवाई डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बड़ा बाइपास समेत जिले के सभी संभावित “ब्लैक स्पॉट” चिन्हित कर तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।

बड़ा सवाल: कब थमेगा मौत का सिलसिला?
लगातार हो रहे हादसे यह साबित कर रहे हैं कि बड़ा बाइपास अब खतरनाक जोन बन चुका है। खड़े वाहनों को समय पर न हटाना, चेतावनी संकेतों की कमी और तेज रफ्तार—ये तीनों मिलकर लोगों की जान ले रहे हैं।