बरेली में अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा: बिना पंजीकरण चल रहा ‘हिंद अल्ट्रासाउंड’ सील
- Advertisement -
बरेली में अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा: बिना पंजीकरण चल रहा ‘हिंद अल्ट्रासाउंड’ सील
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
डीएम-सीएमओ के निर्देश पर कार्रवाई, कई सेंटर बंद मिले, संचालकों को कड़ी चेतावनी
बरेली। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी तेज करते हुए प्रशासन ने 3 अप्रैल को विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया। जिला अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में कई केंद्रों की जांच की गई, जिसमें एक बड़ा उल्लंघन सामने आया।
निरीक्षण टीम ने कुंडरा कोठी स्थित मन्नत अल्ट्रासाउंड, जीवन ज्योति अल्ट्रासाउंड और रिछा क्षेत्र के हर्ष कला अल्ट्रासाउंड सेंटर का जायजा लिया। इसके अलावा बहेड़ी क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए ग्लोबल, हिंद, यूनिक, मैक्स, लाइफ लाइन, अरोरा, नियाजी और विद्या अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान हिंद अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालक अपना पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से सेंटर को सील कर दिया। संचालक को तीन दिन के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्पष्ट किया गया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
निरीक्षण में बाकी सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र पंजीकृत पाए गए, हालांकि मैक्स और लाइफ लाइन अल्ट्रासाउंड सेंटर निरीक्षण के समय बंद मिले। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करें।
प्रशासन ने दो टूक कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
निरीक्षण टीम में नोडल अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी के साथ राहुल शर्मा, राजेश कुमार और विपिन कुमार शामिल रहे।