रूस में नौकरी का झांसा देकर 2.43 लाख की ठगी, बरेली के युवक से विदेश भेजने के नाम पर वसूली

0 32

- Advertisement -

रूस में नौकरी का झांसा देकर 2.43 लाख की ठगी, बरेली के युवक से विदेश भेजने के नाम पर वसूली

रिपोर्ट.आसिफ अली

- Advertisement -

एक लाख मासिक वेतन का लालच देकर पहले भारत में वसूली, फिर रूस पहुंचने पर भी ठगों ने जारी रखा खेल; एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज

मीरगंज/शाही (बरेली): विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। बरेली के शाही थाना क्षेत्र के मोतीनगर निवासी युवक से रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 2.43 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रूस में 1 लाख रुपये सैलरी का दिया लालच
पीड़ित इमरान के अनुसार, सिरौली निवासी आसिफ और जाहिर ने उसे रूस में एक लाख रुपये प्रतिमाह वेतन पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि दोनों ने 13 अक्टूबर 2025 को 1.60 लाख रुपये नकद लिए, जबकि 50 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर कराए। इसके अलावा मेडिकल के नाम पर 5 हजार रुपये भी वसूले गए।

दिल्ली से रूस भेजा, वहां भी ठगी का सिलसिला जारी इमरान 18 दिसंबर को दिल्ली एयरपोर्ट से रूस पहुंचा, जहां कुछ लोग उसे रिसीव कर एक ठिकाने पर ले गए। वहां रिजवान नाम के व्यक्ति ने वीजा अवधि बढ़वाने के नाम पर 55 हजार रुपये और वसूले। इसके अलावा हॉस्टल किराया 12 हजार और टैक्सी किराया 11 हजार रुपये भी लिए गए।

नौकरी नहीं मिली, वीजा छीनने की कोशिश
पीड़ित के मुताबिक जब उसने नौकरी के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। आरोप है कि रिजवान ने उसका वीजा छीनने की भी कोशिश की। ठगी का एहसास होने पर इमरान किसी तरह भारत वापस लौट आया।

ढाई महीने तक टालते रहे आरोपी 17 जनवरी को भारत लौटने के बाद पीड़ित ने मध्यस्थ जुबैर से संपर्क किया, जिसने रुपये वापस दिलाने का भरोसा दिया। लेकिन करीब ढाई महीने बीत जाने के बावजूद पैसे नहीं लौटाए गए।

एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज मामले में कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की। इसके बाद शाही थाने में सिरौली निवासी आसिफ और जाहिर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश बैंसला ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।