बरेली में बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों की चोरी, जेवर-नकदी लेकर चोर हुए ,रफूचक्कर
- Advertisement -
बरेली में बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों की चोरी, जेवर-नकदी लेकर चोर हुए ,रफूचक्कर
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
शादी में गया था परिवार, लौटने पर टूटी मिली अलमारी और ताले; 1.5 लाख नकदी समेत सोने-डायमंड के जेवर गायब
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस के लिए यह मामला चुनौती बन गया है।
जानकारी के अनुसार, जगतपुर स्थित आकशपुरम रोड निवासी इमरान खान 1 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक शादी समारोह में शामिल होने रामपुर गए हुए थे। 2 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे पड़ोसी इम्तियाज मलिक ने फोन कर उन्हें घर में चोरी होने की सूचना दी। यह जानकारी घर में काम करने वाली महिला कुसुम ने दी थी।
सूचना मिलते ही इमरान खान तुरंत वापस बरेली पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारियां भी पूरी तरह खंगाली गई थीं। चोर घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात लेकर फरार हो चुके थे।
पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 1.5 लाख रुपये की नकदी के अलावा 12 ग्राम सोने की चेन, 5 ग्राम का पेंडेंट, कई जोड़ी सोने के बुंदे, करीब 25 ग्राम की सोने की अंगूठियां और लगभग 50 हजार रुपये कीमत के डायमंड ईयररिंग्स चोरी कर ले गए। कुल मिलाकर लाखों रुपये का सामान पार हो गया।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।