गौवंश बचाने के प्रयास में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर डिवाइडर पार कर कार से टकराया, एक युवक की मौत, दो घायल

0 38

- Advertisement -

गौवंश बचाने के प्रयास में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर डिवाइडर पार कर कार से टकराया, एक युवक की मौत, दो घायल

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

हाईवे-24 पर सिंधौली चौराहे के पास हादसा, रोटावेटर खरीदकर लौट रहे थे तीनों युवक
बरेली। जिले के मीरगंज क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें गौवंशीय पशुओं को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव बल्ला कोठा निवासी धर्मदास अपने साथियों लालता प्रसाद और सूरजपाल (निवासी ग्राम लालपुर, थाना शाही) के साथ मीरगंज तहसील के सामने स्थित एक कृषि एजेंसी से रोटावेटर खरीदने आए थे। खरीदारी के बाद तीनों युवक ट्रैक्टर में रोटावेटर जोड़कर दोपहर बाद हाईवे-24 के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि सिंधौली चौराहे से आगे एक पैलेस के सामने अचानक सड़क पर गौवंशीय पशुओं का झुंड आ गया। पशुओं को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर को संभालने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर पहले डिवाइडर पर चढ़ गया, फिर सामने से आ रही कार से टकराते हुए पास स्थित एक बारातघर की दीवार में जा घुसा।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा।

गंभीर रूप से घायल सूरजपाल को एंबुलेंस के जरिए बरेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, धर्मदास और लालता प्रसाद का इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।