भोजीपुरा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: दो वांछित गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचे गए
- Advertisement -
भोजीपुरा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: दो वांछित गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचे गए
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
गौकशी की तैयारी कर रहे थे आरोपी, पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल; अवैध असलाह और उपकरण बरामद
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात में नियमित गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट में वांछित आरोपी शकील उर्फ मूंछ अपने साथियों के साथ मझुआ गंगापुर के जंगल में मौजूद है और गौकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि करीब 1:40 बजे जैसे ही बदमाशों ने पुलिस टीम को देखा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान एक गोली आरक्षी विपिन के बाजू को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें शकील उर्फ मूंछ के दाहिने पैर और उसके साथी सलीम उर्फ कलिया के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से दो अवैध तमंचे (315 बोर), कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान उनके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
घायल बदमाशों और आरक्षी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजीपुरा भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सलीम उर्फ कलिया पर करीब एक दर्जन मामले शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।