रामपुर गार्डन में हाईटेक अंदाज में चोरी, CCTV में कैद पूरी वारदात से मचा हड़कंप

0 97

- Advertisement -

रामपुर गार्डन में हाईटेक अंदाज में चोरी, CCTV में कैद पूरी वारदात से मचा हड़कंप

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

क्रेटा कार से आए चोरों ने मिनटों में दिया वारदात को अंजाम, तीन दिन में दूसरी घटना से सुरक्षा पर उठे सवाल

बरेली: शहर की पॉश कॉलोनी रामपुर गार्डन में देर रात हुई एक हाईटेक कार चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। रविवार रात को हुई इस वारदात में चोरों ने बेहद शातिर अंदाज में एक लग्जरी कार को निशाना बनाया और कुछ ही मिनटों में फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिससे चोरी की पूरी साजिश उजागर हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी निवासी कारोबारी रवि खंडेलवाल के बेटे अर्जुन खंडेलवाल की क्रेटा कार को निशाना बनाया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी खुद भी उसी मॉडल की कार में पहुंचे थे, जिससे उनकी तैयारी और प्लानिंग साफ झलकती है।

सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि चोरों ने पहले अपनी कार को टारगेट वाहन के बराबर खड़ा किया। इसके बाद एक आरोपी ने बेहद तेजी से कार का शीशा तोड़ा और अंदर घुस गया। कुछ ही मिनटों में उसने लॉक सिस्टम को निष्क्रिय कर कार स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया।

वारदात इतनी साइलेंट तरीके से हुई कि आसपास रहने वाले लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब परिवार के लोग बाहर निकले तो कार गायब देख हड़कंप मच गया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी का पूरा घटनाक्रम सामने आया।

गौरतलब है कि इसी कॉलोनी में तीन दिन पहले भी एक अन्य कारोबारी की क्रेटा कार चोरी करने की कोशिश की गई थी। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि कोई संगठित गिरोह इलाके की रेकी कर लगातार महंगी गाड़ियों को निशाना बना रहा है।

लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। निवासियों का कहना है कि जब पॉश इलाकों में भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना लाजिमी है।
पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और गिरोह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।