बरेली पहुंचे कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, 25 मार्च तक लोन लक्ष्य पूरा करने का अल्टीमेटम
- Advertisement -
बरेली पहुंचे कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, 25 मार्च तक लोन लक्ष्य पूरा करने का अल्टीमेटम
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
एमएसएमई ऋण वितरण पर सख्ती, बैंकर्स को सहयोग के निर्देश; गैस संकट की आशंकाओं को बताया बेबुनियाद
बरेली:प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान शनिवार को बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने आगरा, अलीगढ़ और बरेली मंडल के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) के तहत ऋण वितरण की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए हर हाल में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 100 प्रतिशत गारंटी और ब्याज सहित ऋण उपलब्ध करा रही है। ऐसे में बैंकर्स की जिम्मेदारी है कि वे लोन स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाएं और पात्र युवाओं को समय पर लाभ दिलाएं। मंत्री ने 25 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का सख्त अल्टीमेटम देते हुए सभी जिलों में मेगा लोन कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
राकेश सचान ने कहा कि सरकार के पास योजनाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के चलते गैस संकट की आशंकाओं पर भी मंत्री ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
वहीं, सपा प्रमुख के मथुरा वाले बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश अपराध का गढ़ था, जबकि वर्तमान सरकार में अपराध में करीब 60 प्रतिशत तक कमी आई है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।