Bareilly News: मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की जागरूकता रैली, नवरात्र में नारी शक्ति का सशक्त संदेश

0 19

- Advertisement -

Bareilly News: मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की जागरूकता रैली, नवरात्र में नारी शक्ति का सशक्त संदेश

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। नवरात्र के पावन अवसर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए बरेली पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत शहर में भव्य जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देते हुए समाज को जागरूक किया।

पुलिस लाइन से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देती रही।

मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत आयोजित इस रैली को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बरेली जोन रमित शर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और आम नागरिक शामिल हुए, जिससे पूरे शहर में जागरूकता का माहौल बना।

रैली के दौरान महिला पुलिसकर्मी बाइक और पैदल मार्च करते हुए लोगों को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित करती नजर आईं। इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना था कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सभी की जिम्मेदारी है।

इस मौके पर एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में वूमेन पावर लाइन 1090, इमरजेंसी सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 102/108 और फायर सेवा 101 का तुरंत उपयोग करें।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश मिश्र, अकमल खान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। रैली ने शहरवासियों में सुरक्षा और जागरूकता का मजबूत संदेश छोड़ा।