कृतिका नर्सिंग कॉलेज में हंगामा, छात्रों ने प्राचार्या पर उत्पीड़न और रिश्वत मांगने के लगाए आरोप; डीएम से जांच की मांग

0 64

- Advertisement -

कृतिका नर्सिंग कॉलेज में हंगामा, छात्रों ने प्राचार्या पर उत्पीड़न और रिश्वत मांगने के लगाए आरोप; डीएम से जांच की मांग

रिपोर्ट /आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। पीलीभीत रोड स्थित लभेड़ा टोल प्लाजा के पास संचालित कृतिका नर्सिंग कॉलेज एक बार फिर विवादों में आ गया है। कॉलेज के कई छात्र-छात्राओं ने प्राचार्या पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में लंबे समय से अनियमितताएं चल रही हैं और आवाज उठाने वालों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।

शिकायत करने पहुंचे छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज की प्राचार्या जिन्सी एम. वर्गीज द्वारा छात्रों के साथ अनुचित व्यवहार किया जाता है। उनका कहना है कि बीते एक वर्ष से कॉलेज प्रबंधन के मैनेजर डॉ. के.पी. गंगवार को इस संबंध में कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

छात्रों के मुताबिक कॉलेज में पारदर्शिता की कमी है और जो छात्र कॉलेज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हैं, उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है। आरोप है कि कई छात्रों को थ्योरी परीक्षा में पास होने के बावजूद प्रैक्टिकल में जानबूझकर फेल कर दिया जाता है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

इसके साथ ही छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक्सटर्नल प्रैक्टिकल में पास कराने के नाम पर 2000 रुपये तक की अवैध वसूली की जाती है। वहीं स्कॉलरशिप फॉर्म आगे बढ़ाने के लिए भी छात्रों से पैसे मांगे जाने की शिकायत की गई है। छात्रों का कहना है कि पैसे न देने पर उन्हें भविष्य खराब करने की धमकी दी जाती है।

मामले से नाराज छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत देकर कॉलेज में चल रही कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की। छात्रों ने कहा कि यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच कराए तो कई गंभीर तथ्य सामने आ सकते हैं।

अब इस पूरे प्रकरण को लेकर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।