बरेली में दामाद बना जल्लाद: पंचायत में सास-साले की चाकू मारकर हत्या, पत्नी गंभीर; आरोपी फरार

0 188

- Advertisement -

बरेली में दामाद बना जल्लाद: पंचायत में सास-साले की चाकू मारकर हत्या, पत्नी गंभीर; आरोपी फरार

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक दामाद का खौफनाक चेहरा सामने आया है। भरी पंचायत में उसने अपनी सास, साले और पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सास और साले की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि पत्नी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। वारदात के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर क्षेत्र के रेहपुरा चौधरी निवासी आसमा और उनका बेटा आदिल खान पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत में बैठे थे। इसी दौरान आसमा का दामाद भी वहां पहुंच गया। पंचायत के बीच दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्से में आए दामाद ने अचानक चाकू निकाल लिया और सास आसमा, साले आदिल खान और अपनी पत्नी साइमा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से पंचायत में भगदड़ मच गई। मौजूद लोगों ने किसी तरह हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
घटना में गंभीर रूप से घायल तीनों को तुरंत इलाज के लिए बरेली के खुशलोक अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आसमा और उनके बेटे आदिल खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं साइमा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दोहरी हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में दहशत और गम का माहौल है।