बरेली लौटे ग्रैंड मुफ्ती ऑफ इंडिया, एयरपोर्ट से दरगाह आला हजरत तक हुआ भव्य इस्तकबाल; अकीदतमंदों ने फूल बरसाकर किया इस्तक़बाल
- Advertisement -
बरेली लौटे ग्रैंड मुफ्ती ऑफ इंडिया, एयरपोर्ट से दरगाह आला हजरत तक हुआ भव्य इस्तकबाल; अकीदतमंदों ने फूल बरसाकर किया इस्तक़बाल
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। सऊदी अरब में हिरासत की वायरल खबरों के बीच काजी-ए-हिंदुस्तान और ग्रैंड मुफ्ती ऑफ इंडिया के बरेली पहुंचते ही अकीदतमंदों में खुशी की लहर दौड़ गई। रविवार को जैसे ही वह उमरा से लौटकर बरेली एयरपोर्ट पहुंचे, हजारों की तादाद में मौजूद लोगों ने फूल बरसाकर उनका जोरदार इस्तकबाल किया। एयरपोर्ट से लेकर दरगाह आला हजरत तक अकीदतमंदों का हुजूम देखने को मिला।
बरेली एयरपोर्ट पर पहले से ही बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए जमा हो गए थे। जैसे ही ग्रैंड मुफ्ती ऑफ इंडिया बाहर आए, लोगों ने फूलों की बारिश कर उनका इस्तक़बाल किया और नारे लगाते हुए खुशी का इजहार किया। कई अकीदतमंद उनसे मुलाकात कर उनकी खैरियत जानने के लिए उत्साहित दिखाई दिए।
एयरपोर्ट से दरगाह आला हजरत पहुंचने पर भी स्वागत का सिलसिला जारी रहा। दरगाह परिसर में सैकड़ों अकीदतमंद पहले से मौजूद थे, जिन्होंने फूल बरसाकर उनका गर्मजोशी से इस्तक़बाल किया। लोग उनसे मुलाकात कर उमरा की मुबारकबाद देते नजर आए और उनकी सलामती पर अल्लाह का शुक्र अदा किया।
दरअसल कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हुई थी कि सऊदी अरब में उमरा के लिए गए काजी-ए-हिंदुस्तान और उनके साथ मौजूद कुछ उलेमा को हिरासत में ले लिया गया है। इस खबर के बाद देशभर में अकीदतमंदों के बीच चिंता का माहौल बन गया था।
बाद में यह जानकारी सामने आई कि रियाद के एक रेस्टोरेंट में इफ्तार के बाद बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। सुरक्षा कारणों से सऊदी पुलिस ने एहतियात के तौर पर वहां मौजूद कुछ लोगों से सामान्य पूछताछ की थी। इसी घटना को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से हिरासत बताकर वायरल कर दिया गया।
बताया गया कि उस कार्यक्रम में बरेली, रामपुर, मुरादाबाद सहित उत्तर प्रदेश के कई शहरों के जायरीन मौजूद थे। इसके अलावा मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य शहरों से आए लोग भी वहां शामिल थे। भीड़ अधिक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने सामान्य जांच-पड़ताल की थी।
ग्रैंड मुफ्ती ऑफ इंडिया के बरेली सकुशल लौटने के बाद अकीदतमंदों में राहत का माहौल है। दरगाह आला हजरत पर पूरे दिन लोगों का आना-जाना लगा रहा और लोग उनसे मुलाकात कर उमरा की मुबारकबाद देते नजर आए।