SSP अनुराग आर्य का एक्शन : ड्यूटी में लापरवाही पर 6 पुलिसकर्मी निलंबित,
- Advertisement -
SSP अनुराग आर्य का एक्शन : ड्यूटी में लापरवाही पर 6 पुलिसकर्मी निलंबित,
रिपोर्ट /आसिफ अली
- Advertisement -
एक रिक्रूट का चयन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू
बरेली में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए Anurag Arya (एसएसपी, बरेली) ने बड़ी कार्रवाई की है। छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक रंगरूट सिपाही का चयन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गोपनीय जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। Local Intelligence Unit (LIU) की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ सिपाही छुट्टी लेकर गायब थे और कथित तौर पर ड्यूटी छोड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।
कोतवाली और सिंगल विंडो से गायब सिपाहियों पर कार्रवाई की जद में आए पुलिसकर्मियों में कोतवाली में तैनात सिपाही कृष्ण गोपाल शामिल हैं, जो दिसंबर से अनुपस्थित चल रहे थे। वहीं सिंगल विंडो पर तैनात सिपाही केशव कुमार और प्रशांत कुमार भी लंबी छुट्टी के बाद ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे।
तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है।
रिक्रूट सिपाही पर भी गिरी गाज पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट सिपाही अभिषेक सिंह अगस्त 2025 से अनुपस्थित बताए गए हैं। लगातार गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए उनके चयन को निरस्त करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो चयन समाप्त कर दिया जाएगा।
वीआईपी ड्यूटी से नदारद, कोर्ट ड्यूटी छोड़ी
हेड कांस्टेबल सुरजीत सिंह की ड्यूटी राज्यपाल Santosh Gangwar की फ्लीट में लगाई गई थी, लेकिन वे निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए।
इसी तरह हेड कांस्टेबल संजीव कुमार कोर्ट की हवालात ड्यूटी से बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। दोनों को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
शराब पीकर हंगामा करने का आरोप सबसे गंभीर मामला फतेहगंज पूर्वी में तैनात हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह से जुड़ा है। उन पर शराब के नशे में साथियों और चौकीदार से अभद्र व्यवहार करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
अनुशासन पर जीरो टॉलरेंस नीति एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी सर्वोपरि है। ड्यूटी में लापरवाही, वीआईपी सुरक्षा में चूक या आचरणहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती के रूप में देखा जा रहा है, जिससे संदेश दिया गया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।