यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन बरेली में दिखा उत्साह, छात्रों ने बताया पेपर आसान

0 26

- Advertisement -

यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन बरेली में दिखा उत्साह, छात्रों ने बताया पेपर आसान

रिपोर्ट /आसिफ अली

- Advertisement -

यूपी बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत बुधवार को पूरे प्रदेश में सकारात्मक माहौल के साथ हुई। बरेली जिले में बनाए गए 130 परीक्षा केंद्रों पर करीब 92 हजार परीक्षार्थियों ने हिंदी विषय की परीक्षा दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले छात्रों के चेहरों पर संतोष नजर आया।

छात्रों ने कहा कि प्रश्नपत्र अपेक्षा से सरल रहा और अधिकतर सवाल वही थे जिनकी तैयारी उन्होंने पूरे साल की थी। किसी भी तरह का “आउट ऑफ सिलेबस” प्रश्न न आने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास आगामी परीक्षाओं के लिए बढ़ गया है।

नकल पर सख्ती, सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से हो रही कड़ी निगरानी परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने इस बार सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

नकल रोकने के उद्देश्य से जिले में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है। बरेली को सात जोन में विभाजित किया गया है, जहां प्रत्येक जोन में मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा कुल 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी कर रहे हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक अजित कुमार सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है। परीक्षा कक्षों के साथ-साथ प्रश्नपत्रों के स्ट्रांग रूम की भी डबल लेयर मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।

वहीं बरेली क्षेत्रीय कार्यालय में स्थापित हाईटेक कमांड कंट्रोल रूम से बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों की लाइव निगरानी की जा रही है। बोर्ड कार्यालय के सचिव मुन्ने अली के अनुसार, हर जिले के लिए अलग ऑपरेटर नियुक्त किया गया है जो गतिविधियों पर रीयल टाइम नजर बनाए हुए है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी सामने आने पर केंद्र व्यवस्थापकों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।