बरेली के फ्लैशबैक रेस्टोरेंट में बड़ा हादसा टला, लिफ्ट में फंसे 10 बच्चे, मची चीख-पुकार
- Advertisement -
बरेली के फ्लैशबैक रेस्टोरेंट में बड़ा हादसा टला, लिफ्ट में फंसे 10 बच्चे, मची चीख-पुकार
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
आधे घंटे तक कैद रहे बच्चे, दरवाजा तोड़कर निकाला गया बाहर, रेस्टोरेंट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप
बरेली के राजेंद्रनगर स्थित फ्लैशबैक रेस्टोरेंट में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक लिफ्ट खराब होने से भाजपा नेता संजीव शर्मा के परिवार की एक महिला और करीब दस बच्चे उसमें फंस गए। लिफ्ट बीच रास्ते में रुकते ही अंदर अंधेरा छा गया और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, लिफ्ट ऊपर जाते समय अचानक तेज झटके के साथ रुक गई। कुछ ही क्षणों में बिजली गुल हो गई, जिससे अंदर पूरी तरह अंधेरा हो गया। बच्चों की घबराहट और रोने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
करीब आधे घंटे तक बच्चे और परिजन लिफ्ट में बंद रहे। अंदर दम घुटने जैसी स्थिति बन गई थी। बाहर मौजूद लोग लगातार दरवाजा खुलवाने की कोशिश करते रहे, लेकिन रेस्टोरेंट स्टाफ और प्रबंधन कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर सका।
सूचना मिलने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े नेता और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। हालात बिगड़ते देख कमल राणा ने तुरंत कदम उठाते हुए लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर सभी बच्चों और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
लिफ्ट से बाहर निकलते ही कई बच्चे डर के कारण रोने लगे। परिजनों ने उन्हें संभाला और राहत की सांस ली। हालांकि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने रेस्टोरेंट संचालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बच्चों की जान जोखिम में डाली गई।