मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के तहत बरेली के तीन स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, डिप्टी सीएमओ ने दिए सख्त निर्देश
- Advertisement -
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के तहत बरेली के तीन स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, डिप्टी सीएमओ ने दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रशासन अलर्ट
बरेली, मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के अंतर्गत बरेली में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज तीन प्रमुख अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जाटवपुरा, बानखाना और मौलानगर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण का नेतृत्व डॉ. लईक अहमद अंसारी (डिप्टी सीएमओ) ने किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मरीजों से सीधा संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, मरीज पंजीकरण और उपचार सेवाओं में सुधार की आवश्यकता पाई गई। इस पर डॉ. अंसारी ने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इसलिए किसी भी प्रकार की कमी या अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को समय से ओपीडी संचालन, दवाओं की नियमित उपलब्धता, टीकाकरण, जांच सेवाओं और साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही मरीजों के साथ शिष्ट और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आश्वासन दिया कि निरीक्षण में चिन्हित कमियों को शीघ्र दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को अधिक प्रभावी और भरोसेमंद चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।