SC/ST एक्ट को लेकर सस्पेंड PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री का बड़ा ऐलान, देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
- Advertisement -
SC/ST एक्ट को लेकर सस्पेंड PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री का बड़ा ऐलान, देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले और वर्तमान में सस्पेंड चल रहे PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (SC/ST) एक्ट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस कानून को “काला कानून” करार देते हुए इसे समाप्त कराने के लिए देशव्यापी आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है।
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि SC/ST एक्ट का मौजूदा स्वरूप समाज में भय और असंतुलन पैदा कर रहा है। उनका आरोप है कि इस कानून का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हो रहा है, जिससे निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कानून का उद्देश्य भले ही सामाजिक न्याय रहा हो, लेकिन इसके क्रियान्वयन में गंभीर खामियां हैं, जिन पर सरकार को तत्काल ध्यान देना चाहिए।
सस्पेंड PCS अधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि यदि केंद्र सरकार ने तय समय सीमा के भीतर संसद का विशेष सत्र बुलाकर इस कानून पर गंभीर चर्चा नहीं की, तो वे देशभर में आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस आंदोलन को हजारों सामाजिक संगठन, कर्मचारी संगठन और नागरिक समूहों का समर्थन प्राप्त है।
अलंकार अग्निहोत्री ने यह भी कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से न देखें, बल्कि सामाजिक संतुलन और न्याय के नजरिये से विचार करें।
उन्होंने दो टूक कहा, “जब तक SC/ST एक्ट के मौजूदा स्वरूप को खत्म नहीं कराया जाएगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देश के लाखों पीड़ित लोगों की आवाज है।”
अलंकार अग्निहोत्री के इस ऐलान के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें केंद्र सरकार के अगले कदम और संभावित प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।