बरेली में प्रतिबंधित चाईनीज और शीशा लेपित मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

0 5

- Advertisement -

बरेली में प्रतिबंधित चाईनीज और शीशा लेपित मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। जनपद में प्रतिबंधित चाईनीज और शीशा लेपित मांझे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।

थाना कोतवाली और थाना किला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 12 अदद मांझे की चरखियां और मांझा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।

थाना कोतवाली पुलिस ने सराय खाम क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अनस पुत्र अनीस (उम्र 30 वर्ष) निवासी सराय खाम को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह प्रतिबंधित चाईनीज मांझा बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के पास से 04 अदद चाईनीज मांझे की चरखियां बरामद कीं, जिनका कुल वजन करीब 1896 ग्राम पाया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह प्रतिबंध के बावजूद चोरी-छिपे चाईनीज मांझा बेचकर मुनाफा कमा रहा था।

वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना किला पुलिस ने बाकरगंज क्षेत्र में प्याले शाह बाबा की मजार के पीछे छापेमारी कर शीशा लेपित मांझा तैयार करते हुए दो अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाब रेहान पुत्र अब्दुल वाहिद खान (40) और फैज पुत्र वसीम (25) निवासी बाकरगंज के रूप में हुई है।

मौके से 06 अदद काला शीशा लेपित मांझा, 02 अदद भूरा शीशा लेपित मांझा, शीशा पाउडर, बोरिक, ईशागोल, मैदा, काजल, रंग सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार अभियुक्तों को यह भली-भांति जानकारी थी कि एनजीटी के आदेशों के तहत चाईनीज और शीशा लेपित मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद वे अवैध रूप से इसका निर्माण और बिक्री कर रहे थे।

तीनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 223/285/291/293 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित मांझा मानव जीवन, पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, ऐसे मामलों में आगे भी अभियान जारी रहेगा।