पत्नी ने मां-बाप और भाई के साथ मिलकर किया मर्डर

0 110

- Advertisement -

पत्नी ने मां-बाप और भाई के साथ मिलकर किया मर्डर

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

शादी के 2 महीने बाद पत्नी ने गला दबाया, मां-बाप और भाई ने हाथ पैर पकड़े

“हम दोनों साथ पढ़ते थे, तभी एक दूसरे से मोहब्बत हो गई। हमने साथ जीने मरने की कसम खाई। इसके बाद परिवार वालों की सहमति से 9 साल तक चले अफेयर के बाद शादी कर ली।

जितेन्द्र ने मेरे अकाउंट से 20 हजार रुपए निकाल लिए और जुए में हार गया। हमने जब रुपए मांगे तो पति ने लड़ाई शुरू कर दी।

जिस पर मैने अपने मां-बाप और भाई को बुलाया। मैने गला दबाया जबकि मां-बाप और भाई हाथ पैर पकड़े। ये कबूलनामा है जिंदगी भर साथ निभाने का वादा करने वाली कातिल पत्नी का….

ये सनसनीखेज वारदात है यूपी के बरेली की।”

मोहब्बत का खौफनाक अंत यूपी के बरेली से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने ही सुहाग की बेरहमी से बलि चढ़ा दी। जिस रिश्ते को सात जन्मों का बंधन माना जाता है, वह महज दो महीने में खून से सन गया।

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली ज्योति ने अपने माता-पिता और भाई के साथ मिलकर पति जितेन्द्र कुमार यादव की गला दबाकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि यह शादी 9 साल लंबे प्रेम प्रसंग के बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से हुई थी, लेकिन रुपयों के विवाद ने प्यार को नफरत में बदल दिया।

20 हजार रुपये और ऑनलाइन जुए की सनक
घटना की जड़ में 20 हजार रुपये का विवाद था। मृतक जितेन्द्र IVRI में संविदा पर कार्यरत था, जबकि आरोपी पत्नी ज्योति रोडवेज में संविदा कर्मचारी है।

ज्योति का आरोप है कि जितेन्द्र ने उसके बैंक खाते से चुपचाप 20 हजार रुपये निकालकर ऑनलाइन जुए में गंवा दिए थे। जब 26 जनवरी को ज्योति ने पैसों के बारे में पूछताछ की, तो दोनों के बीच तीखी बहस और हाथापाई शुरू हो गई। गुस्से में पागल ज्योति ने तुरंत अपने मायके वालों को फोन कर बुला लिया।

मर्डर को सुसाइड बनाने की नाकाम साजिश
ज्योति के बुलावे पर उसके पिता कालीचरन, मां चमेली और भाई दीपक वहां पहुंच गए। जब जितेन्द्र और ज्योति के बीच झगड़ा बढ़ गया, तो मायके वालों ने मिलकर जितेन्द्र के हाथ-पैर पकड़ लिए और ज्योति ने उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने खौफनाक साजिश रची। उन्होंने जितेन्द्र के ही मफलर से उसे वेंटिलेटर की ग्रिल से लटका दिया ताकि यह आत्महत्या लगे। इसके बाद मां-बाप ने नीचे जाकर शोर मचाया कि दामाद ने फांसी लगा ली है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल
पुलिस ने शुरुआत में आत्महत्या की सूचना पर मामला दर्ज किया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी पलट दी। रिपोर्ट में मौत का कारण ‘एंटीमॉर्टम स्ट्रैंगुलेशन’ यानी गला दबाकर हत्या पाया गया। इसके बाद पुलिस ने धारा 103(1) (हत्या) के तहत केस दर्ज कर जांच तेज कर दी।

इज्जतनगर पुलिस ने सटीक मुखबिरी के आधार पर शनिवार को आरोपी पत्नी ज्योति, उसके पिता कालीचरन और मां चमेली को डेलापीर कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार कर लिया।

इन पुलिसकर्मियों ने किया खुलासा
इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करने में इज्जतनगर थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद अली, उपनिरीक्षक मुकेश चौहान, महिला उपनिरीक्षक पायल, महिला हेड कांस्टेबल रेखा, और हेड कांस्टेबल धनीश, विशाल व रूपेन्द्र शामिल रहे। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया।

वारदात का पूरा घटनाक्रम (Time-Line):
25 नवंबर 2025: ज्योति और जितेन्द्र ने 9 साल लंबे अफेयर के बाद परिवार की मर्जी से हिंदू रीति-रिवाज से शादी की।

26 जनवरी 2026: ऑनलाइन जुए में 20 हजार रुपये हारने पर पति-पत्नी में विवाद हुआ। ज्योति ने मायके वालों के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को फंदे से लटका दिया।

27 जनवरी 2026: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मौत फांसी से नहीं बल्कि गला दबाने से हुई है। पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में तब्दील किया।

31 जनवरी 2026: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी ज्योति, ससुर कालीचरन और सास चमेली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

सीओ बोले- पीएम रिपोर्ट से हुआ खुलासा
“पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सघन जांच शुरू की थी।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पकड़े गए तीनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।”

पंकज श्रीवास्तव, सीओ सिटी थर्ड, बरेली