सिटी मजिस्ट्रेट बरेली निलंबित, देर रात शासन का बड़ा फैसला

0 100

- Advertisement -

सिटी मजिस्ट्रेट बरेली निलंबित, देर रात शासन का बड़ा फैसला

 

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट एवं पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर बरेली द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर की गई। मामले में देर रात तक उच्च स्तर पर मंथन के बाद निलंबन के निर्देश जारी किए गए, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छुट्टी के दिन देर रात नियुक्ति विभाग-2 को विशेष रूप से खुलवाया गया। इसके बाद प्रमुख सचिव नियुक्ति, आईएएस एम. देवराज के निर्देश पर विशेष सचिव नियुक्ति, आईएएस अन्नपूर्णा गर्ग (2016 बैच) द्वारा निलंबन का औपचारिक आदेश जारी किया गया।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को कलेक्टर शामली के यहां संबद्ध किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, सिटी मजिस्ट्रेट के कार्यकाल और हालिया घटनाक्रमों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार रिपोर्टिंग चल रही थी। कलेक्टर बरेली की रिपोर्ट शासन तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। निलंबन आदेश के साथ ही मामले की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।

बताया गया है कि बरेली मंडल के आयुक्त (कमिश्नर) को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है। कमिश्नर बरेली द्वारा जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल, निलंबन के कारण सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। जहां कुछ लोग इसे प्रशासनिक अनुशासन की कार्रवाई बता रहे हैं, वहीं कुछ वर्ग जांच रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कह रहे हैं।

अब सभी की नजरें कमिश्नर बरेली की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस पूरे मामले की दिशा तय करेगी।