बैटरी चोरी गिरोह पर कार्रवाई के दौरान SOG टीम पर हमला, सिपाही घायल;आरोपी गिरफ्तार

0 24

- Advertisement -

बैटरी चोरी गिरोह पर कार्रवाई के दौरान SOG टीम पर हमला, सिपाही घायल;आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली।बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में चोरी की बैटरियों के नेटवर्क पर कार्रवाई के दौरान गुरुवार रात हालात बेकाबू हो गए। विशेष कार्य बल (SOG) की टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया, जिसमें एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।

हमलावरों ने सरकारी हथियार छीनने की भी कोशिश की। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिथरी चैनपुर इलाके में कुछ दिन पहले खड़े डंपरों से महंगी बैटरियां चोरी की गई थीं। मामले के खुलासे के लिए SOG और स्थानीय पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। गुरुवार देर रात सूचना मिली कि चोरी का माल एक वाहन के जरिए ले जाया जा रहा है।

सूचना पर SOG-2 प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा टीम के साथ पदारथपुर गांव के पास पहुंचे और संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही वाहन सवार आरोपी भागने लगे। इसी दौरान पीछा कर रहे सिपाही मधुर पर हमला कर दिया गया।

आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर सिपाही का सिर फोड़ दिया और उसकी पिस्टल छीनने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर इंस्पेक्टर चंद्र प्रकाश शुक्ला सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस टीम पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैटरी चोरी से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।