बरेली में युवती की हत्या से सनसनी, लूट के बाद खेत में दफनाया गया शव
- Advertisement -
बरेली में युवती की हत्या से सनसनी, लूट के बाद खेत में दफनाया गया शव
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
इवेंट में जाने की बात कहकर निकली पूजा राणा नहीं लौटी, प्रेम संबंध और लूट दोनों एंगल पर पुलिस जांच
बरेली। थाना बारादारी क्षेत्र में एक युवती की नृशंस हत्या का मामला सामने आने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। संजय नगर दुर्गा नगर निवासी 30 वर्षीय पूजा राणा की लूट के बाद हत्या कर शव को खेत में दफनाए जाने का खुलासा हुआ है।
इस जघन्य वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतका के भाई मनोज राणा ने बताया कि पूजा 12 तारीख को अपनी मां महेंद्र देवी और बहन शालिनी राणा से यह कहकर घर से निकली थी कि वह एक इवेंट में जा रही है।
देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार चिंतित हो गया। अगले दिन पिता प्रेम सिंह ने पूजा को फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला।
परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जिससे पूछताछ के बाद मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ। आरोपी की पहचान रिठौरा निवासी विमल के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पूजा की हत्या कर केसीएमटी कॉलेज के पास एक खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफन कर दिया था।
मृतका के पिता प्रेम सिंह ने आरोप लगाया कि पूजा के पास स्कूटी के अलावा तीन अंगूठियां, दो चेन, पेंडेंट और कुंडल थे। उनका कहना है कि आरोपी ने लूट की नीयत से ही पूरी वारदात को अंजाम दिया और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत में खुदाई कर शव बरामद किया। मौके पर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।
वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह मामला सिर्फ लूट का नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है।
बताया गया कि पूजा राणा दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर की थी। परिजनों का कहना है कि वह घर से हंसते-मुस्कुराते हुए निकली थी और किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि वह दोबारा लौटकर नहीं आएगी। मां महेंद्र देवी और पिता प्रेम सिंह वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।