बरेली को रेल सुविधाओं की बड़ी सौगात, पैसेंजर ट्रेन की वापसी और अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव
- Advertisement -
बरेली को रेल सुविधाओं की बड़ी सौगात, पैसेंजर ट्रेन की वापसी और अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। कोरोना महामारी के दौरान बंद की गई बरेली–बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन एक बार फिर यात्रियों की सेवा में लौटने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन के दोबारा संचालन को हरी झंडी दे दी है। यह ट्रेन 30 जनवरी 2026 से बरेली रेलवे स्टेशन से बांदीकुई के लिए रवाना होगी।
बताया गया कि वर्ष 2020–21 में कोविड-19 के कारण देशभर में कई यात्री ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया था।
उसी दौरान बरेली–बांदीकुई पैसेंजर का संचालन भी रोक दिया गया था। यह ट्रेन छोटे-बड़े सभी स्टेशनों पर ठहराव करती थी, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलती थी।
लंबे समय से इसके पुनः संचालन की मांग उठ रही थी।
रेलवे बोर्ड के इस निर्णय पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार जल्द ही ट्रेन की समय-सारणी भी सार्वजनिक कर दी जाएगी। यह पैसेंजर ट्रेन पहले की तरह चंदौसी और अलीगढ़ मार्ग से होते हुए बरेली से बांदीकुई तक चलेगी।
अमृत भारत एक्सप्रेस का बरेली में ठहराव
बरेली को रेलवे की ओर से एक और अहम सुविधा मिली है। हावड़ा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस अब बरेली स्टेशन पर भी रुकेगी।
गाड़ी संख्या 13065 अमृत भारत एक्सप्रेस 22 जनवरी 2026 से प्रत्येक गुरुवार को रात 11:10 बजे हावड़ा से प्रस्थान करेगी और शुक्रवार को रात 8:58 से 9:00 बजे तक बरेली स्टेशन पर ठहरेगी। यह ट्रेन रात 2:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 13066 अमृत भारत एक्सप्रेस 24 जनवरी 2026 से प्रत्येक शनिवार को सुबह 5:15 बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होकर उसी दिन सुबह 10:36 से 10:38 बजे तक बरेली पहुंचेगी और अगले दिन रविवार सुबह 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
बरेली मंडल में रेलवे विकास को मिली रफ्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में बरेली क्षेत्र में कई बड़े विकास कार्य चल रहे हैं और कई नई योजनाएं प्रस्तावित हैं।
प्रमुख योजनाएं इस प्रकार हैं बरेली रेलवे स्टेशन पर नए फुट ओवरब्रिज का प्रस्ताव
सीबीगंज स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण की योजना
श्मशान भूमि के पास समपार फाटक संख्या 359/बी पर लिमिटेड हाईट सबवे का निर्माण कार्य जारी
समपार फाटक संख्या 352सी पर रोड ओवरब्रिज का निर्माण, जिससे फरीदपुर, सितारगंज, लौंगपुर, मझवा और बुखारा गांवों को सीधा लाभ मिलेगा
बरेली स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के विस्तार की योजना इसके अलावा नगरिया सादात स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज, बरेली स्टेशन के पूर्व यार्ड में दो अंडरपास, परसाखेड़ा स्टेशन और फाटक संख्या 372सी पर अंडरपास तथा भिटौरा स्टेशन के फाटक संख्या 371सी पर फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव भी शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारु होगी और यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक व सुविधाजनक रेल सेवाएं मिल सकेंगी।