उधार के पैसे मांगने पर दलित युवक की नृशंस बेइज्जती, दबंगों ने मुंडवाया सिर, मूंछ-भौंह काटकर कीचड़ पोती
- Advertisement -
उधार के पैसे मांगने पर दलित युवक की नृशंस बेइज्जती, दबंगों ने मुंडवाया सिर, मूंछ-भौंह काटकर कीचड़ पोती
रिपोर्ट/मलिक राजपूत
- Advertisement -
नवाबगंज में दबंगई की हदें पार, जातिसूचक गालियों के साथ सरेआम अपमान, दो आरोपी हिरासत में
बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र से दबंगई और जातिगत उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उधार दिए गए रुपये वापस मांगना एक दलित युवक को इतना महंगा पड़ गया कि दबंगों ने उसे सरेआम अमानवीय यातनाएं दीं।
पीड़ित की न केवल बेरहमी से पिटाई की गई, बल्कि उसका सिर जबरन मुंडवाया गया, मूंछ और भौंह काट दी गईं और चेहरे पर कीचड़ पोतकर गांव में घुमाया गया।
पीड़ित पप्पू दिवाकर, निवासी गरसौली गांव (बहेड़ी तहसील) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गेलटांडा गांव में चंद्रसेन के यहां रहकर काम करता था।
आरोप है कि चंद्रसेन ने उससे ट्रैक्टर खरीदने के नाम पर करीब 4.50 लाख रुपये उधार लिए थे। लंबे समय तक पैसे वापस न मिलने पर जब पप्पू ने रकम की मांग की तो दबंग बौखला गए।
मारपीट, जातिसूचक गालियां और सरेआम अपमान पीड़ित का आरोप है कि चंद्रसेन, उसके बेटे पप्पू और गोधनलाल ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया।
उसके साथ जमकर मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
इसके बाद हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसका सिर मुंडवा दिया गया, कैंची से मूंछ और भौंह काट दी गईं और चेहरे पर कीचड़ पोत दी गई। इस घटना से गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है।
मुकदमा दर्ज, दो आरोपी हिरासत में घटना के बाद पीड़ित शनिवार को नवाबगंज थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसकी तहरीर पर तीन नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नवाबगंज एसएसआई राजेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कुछ लोग पीड़ित से जुड़ी अफवाहें फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की चर्चाओं से इतर, केवल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।