फरीदपुर हाईवे पर रोडवेज बस समेत 20 वाहन टकराए, 24 यात्री घायल
- Advertisement -
फरीदपुर हाईवे पर रोडवेज बस समेत 20 वाहन टकराए, 24 यात्री घायल
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। जनपद के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे ने बड़ा सड़क हादसा करा दिया।
दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे पर दृश्यता शून्य होने के कारण रोडवेज बसों, ट्रक और कारों समेत करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए।
इस हादसे में लगभग 24 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया गया, जिसके बाद करीब आधे घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
शुगर मिल के पास हुआ हादसा, तीन रोडवेज बसें क्षतिग्रस्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब आठ बजे फरीदपुर क्षेत्र में शुगर मिल के पास घना कोहरा छाया हुआ था।
इसी दौरान गोरखपुर से मेरठ जा रही एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-के-बाद-एक टकराते चले गए और देखते ही देखते हाईवे पर हादसों की श्रृंखला बन गई।
दुर्घटना में तीन रोडवेज बसें, एक ट्रक, डीसीएम और कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पेड़ों में जा घुसी, जबकि कुछ वाहन सड़क से नीचे उतर गए।
हादसे में रोडवेज बस चालक अतर सिंह, निवासी ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर, मुजफ्फरनगर, बस में फंस गया था। पुलिस ने उसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बरेली डिपो की एक रोडवेज बस में सवार बलराम, उनकी पत्नी यशोधरा और दो बच्चे कटरा से दिल्ली जा रहे थे। हादसे में उनकी बेटी माही (10 वर्ष) घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि मामूली रूप से घायल कई यात्री प्राथमिक उपचार के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए, जबकि गंभीर घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात सामान्य करा दिया है।