प्यार की खातिर बदला धर्म, अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक रीति से विवाह, पुलिस सुरक्षा की मांग
- Advertisement -
प्यार की खातिर बदला धर्म, अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक रीति से विवाह, पुलिस सुरक्षा की मांग
बरेली में अंतरधार्मिक प्रेम विवाह के बाद कपल ने जताया जान का खतरा, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
- Advertisement -
बरेली।जिले में प्रेम विवाह का एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है।
मीरगंज क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने अपनी मर्जी से हिंदू धर्म स्वीकार कर अपने प्रेमी के साथ वैदिक रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।
विवाह मढ़ीनाथ स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम में संपन्न हुआ, जहां पंडित केके शंखधार ने मंत्रोच्चार के बीच दोनों का परिणय सूत्र में बंधन कराया।
धर्म परिवर्तन के बाद युवती ने अपना नाम बदलकर अंशिका रख लिया है।
विवाह से पहले शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी की गई और धार्मिक मंत्रों के साथ विवाह की सभी रस्में निभाई गईं। युवती ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और सनातन परंपरा के अनुसार सुहाग के प्रतीक धारण किए।
पांच साल पहले मेले में हुई थी मुलाकात
बताया गया कि अंशिका की बहन की शादी भोजीपुरा थाना क्षेत्र के पीपलसाना गांव में हुई थी।
करीब पांच वर्ष पहले गांव में लगे मेले के दौरान उसकी मुलाकात मोनू से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। मोनू वर्तमान में दिल्ली में फल-सब्जी के कारोबार से जुड़ा है।
जब युवती ने इस रिश्ते की जानकारी अपने रिश्तेदारों को दी, तो धर्म अलग होने का हवाला देते हुए विरोध शुरू हो गया। युवती का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
डीएम को सौंपा शपथ पत्र विवाह से पहले युवती ने जिला प्रशासन को नाम और धर्म परिवर्तन से संबंधित शपथ पत्र सौंपा। शपथ पत्र में उसने स्पष्ट किया कि वह अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपना रही है और किसी प्रकार का दबाव नहीं है।
उसने यह भी लिखा कि वह कुछ सामाजिक कुप्रथाओं से असहमत रही है और लंबे समय से सनातन परंपराओं में आस्था रखती है।
अज्ञात स्थान पर रह रहा नवविवाहित जोड़ा
विवाह के बाद से ही कपल खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
अंशिका ने अपने परिजनों से जान का खतरा होने की बात कहते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल दोनों किसी सुरक्षित और गोपनीय स्थान पर रह रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, दोनों जल्द ही भोजीपुरा थाने पहुंचकर विवाह से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे और औपचारिक रूप से पुलिस सुरक्षा की मांग करेंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।