मनरेगा भ्रष्टाचार का प्रतीक, जी-राम-जी से मिलेगा श्रमिकों को ज्यादा रोजगार: डिप्टी सीएम केशव मौर्य
- Advertisement -
मनरेगा भ्रष्टाचार का प्रतीक, जी-राम-जी से मिलेगा श्रमिकों को ज्यादा रोजगार: डिप्टी सीएम केशव मौर्य
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बरेली में हाल ही में एक दुखद घटना घटी है।
भाजपा के विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी का 3 जनवरी को निधन हो गया था। वे आज उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने गए थे।
पूरा बरेली शोक में है और भगवान से प्रार्थना है कि समर्थकों और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।
डिप्टी सीएम ने कहा कि मनरेगा योजना श्रमिकों और गांवों के विकास के लिए शुरू की गई थी, लेकिन 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद गांवों में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई थी और कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी बताया।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 25 पैसे ही लाभार्थियों तक पहुंचते थे।
केशव मौर्य ने कहा कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगाया गया है। अब योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “न खाऊंगा, न खाने दूंगा” के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि नई ‘जी-राम-जी योजना’ का कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं। पहले जहां 100 दिन का रोजगार था, अब इसे बढ़ाकर 125 दिन किया गया है।
भ्रष्टाचार रोकने के लिए योजना को पीएम गति शक्ति योजना से जोड़ा गया है। ग्राम सभाओं को ए, बी और सी श्रेणी में विभाजित किया गया है, फिर भी पहले गांवों में जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले मनरेगा में एनजीओ के जरिए काम होता था, जिससे भ्रष्टाचार बढ़ा। अब जी-राम-जी योजना में किसी भी एनजीओ की भूमिका नहीं होगी और इसे एक महीने के भीतर जमीन पर उतार दिया जाएगा।
इससे श्रमिकों को अधिक रोजगार मिलेगा और भुगतान सात दिनों के भीतर उनके खातों में पहुंच जाएगा।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और टीएमसी को राम के नाम से परेशानी होती है।
गरीबों के सम्मान की बात करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा गरीबों की पूजा करती है और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इन योजनाओं की कोई जानकारी नहीं है।