ई-रिक्शा और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, चालक फरार
- Advertisement -
ई-रिक्शा और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, चालक फरार
बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र के रिछा निवासी मोहम्मद सलीम की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथी गांव निवासी नसरुद्दीन की भी मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
- Advertisement -
मृतक मोहम्मद सलीम के साले मोहम्मद अकरम ने बताया कि आज सुबह मोहम्मद सलीम अपने साथी नसरुद्दीन के साथ रिछा से लाडपुर नाल गढ़ने के काम के लिए ई-रिक्शा से जा रहे थे। ई-रिक्शा में कुल चार लोग सवार थे। जैसे ही ई-रिक्शा राजश्री कॉलेज के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सलीम व नसरुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मृतकों की जेब में मिले कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। अचानक मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक सलीम की पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि सलीम अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गए हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरे और तेज रफ्तार के कारण ट्रक चालक को ई-रिक्शा दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
रिपोर्ट /आसिफ अली