देवरनियां में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्रों को कुचला, तीनों की मौत
- Advertisement -
देवरनियां में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्रों को कुचला, तीनों की मौत
मजदूरी पर निकलते ही उजड़ा परिवार, कोहरे में अनियंत्रित ट्रक बना काल
- Advertisement -
बरेली।जिले के देवरनियां थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
गुडवर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता और उनके दो बेटों को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इटौआ गांव निवासी 55 वर्षीय पप्पू और उनके पुत्र विशाल (15 वर्ष) व विवेक (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
तीनों गुरुवार सुबह करीब छह बजे बाइक से मजदूरी करने के लिए किच्छा की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाइक गुडवर गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रहे ट्रक ने तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि पिता और दोनों बेटों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवरनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस को मृतकों के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद शवों की शिनाख्त हुई। घटना की खबर मिलते ही इटौआ गांव में मातम छा गया।
मृतक पप्पू की पत्नी शीला का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि पप्पू छह बच्चों का पिता था और मजदूरी करके ही पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था।
गांव वालों का कहना है कि सुबह घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। पुलिस फरार ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट/आसिफ अली