आयुष्मान योजना में गड़बड़ी का आरोप, बरेली के निजी अस्पताल पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप
- Advertisement -
आयुष्मान योजना में गड़बड़ी का आरोप, बरेली के निजी अस्पताल पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप
गरीब मरीज से इलाज के नाम पर डेढ़ लाख रुपये लेने का दावा, डीएम से जांच की मांग
- Advertisement -
बरेली। जिले के कर्मचारी नगर स्थित स्मार्ट सिटी अस्पताल पर आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज में गंभीर अनियमितता और अवैध वसूली के आरोप लगे हैं।
आवंला थाना क्षेत्र के आजमपुर मझरा भीमलौर रसूलपुर निवासी राजू वर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक डॉ. विजय गंगवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता राजू वर्मा के अनुसार, उनके भाई रमेशचंद्र वर्मा 7 दिसंबर 2025 को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हालत बिगड़ने पर 9 दिसंबर को उन्हें स्मार्ट सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोप है कि मरीज के पास आयुष्मान भारत योजना का वैध कार्ड होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर लगातार रुपये वसूल किए।
राजू वर्मा का कहना है कि करीब दस दिनों के इलाज के दौरान अस्पताल द्वारा लगभग डेढ़ लाख रुपये वसूल लिए गए।
जबकि 17 दिसंबर को आयुष्मान भारत योजना के तहत 90,400 रुपये की सरकारी राशि पहले ही काट ली गई थी। इसके बावजूद दवाइयों, ऑक्सीजन और अन्य चिकित्सा सेवाओं के नाम पर अलग-अलग रकम ली जाती रही।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इलाज के दौरान नौ दिनों में करीब 84 हजार रुपये की दवाइयां दी गईं, लेकिन न तो उनका कोई वैध बिल उपलब्ध कराया गया और न ही संबंधित जांच रिपोर्ट मरीज के परिजनों को सौंपी गई।
इससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
राजू वर्मा ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध रूप से वसूली गई रकम वापस दिलाने और इलाज से जुड़े सभी बिल, दवा विवरण व जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है।
साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत नामित निजी अस्पतालों की नियमित निगरानी पर भी सवाल उठाए हैं।
इस मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।
रिपोर्ट /आसिफ अली