नए साल पर रीलबाजी पड़ी भारी: बरेली के तीन थाना क्षेत्रों में चार युवक तमंचों सहित गिरफ्तार

0 39

- Advertisement -

नए साल पर रीलबाजी पड़ी भारी: बरेली के तीन थाना क्षेत्रों में चार युवक तमंचों सहित गिरफ्तार

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। नए साल के जश्न में रौब दिखाने और सोशल मीडिया पर चर्चा में रहने की चाहत ने कई युवकों को कानून के शिकंजे में ला दिया।

कहीं तमंचे से हवाई फायरिंग कर उसका वीडियो वायरल किया गया तो कहीं पुलिस गश्त के दौरान हथियारों के साथ युवक दबोच लिए गए।

बरेली के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को अवैध तमंचों और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह सुभाषनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में युवक खुलेआम तमंचे से हवाई फायरिंग करता नजर आया।

वीडियो सामने आते ही पुलिस सक्रिय हुई और जांच के बाद देवांश उर्फ जानू ठाकुर निवासी अशोक नगर, मढ़ीनाथ को फत्तेपुर से सनैया मढ़ीनाथ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने फायरिंग कर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बात स्वीकार की।

बहेड़ी में गश्त के दौरान दो शातिर अपराधी दबोचे
बहेड़ी पुलिस ने देर रात गश्त के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया।

रामलीला ग्राउंड के पास से पकड़े गए इब्राहिम के पास से .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस मिला। वहीं, गरीबपुरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किए गए जलीस के पास से 12 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

शीशगढ़ में भी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तारी
शीशगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बहेड़ी रोड पर डेम की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से राजेश सक्सैना निवासी ग्राम बल्ली को गिरफ्तार किया।

आरोपी के पास से 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि पुराने मुकदमों के चलते वह अपनी सुरक्षा के लिए हथियार रखता था।

पुलिस का सख्त संदेश नए साल के मौके पर हुई इन कार्रवाइयों के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अवैध हथियार रखने, हवाई फायरिंग करने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।