नैनीताल में 2BHK का झांसा देकर 5 लाख की ठगी, बरेली के युवक को जान से मारने की धमकी
- Advertisement -
नैनीताल में 2BHK का झांसा देकर 5 लाख की ठगी, बरेली के युवक को जान से मारने की धमकी
फर्जी अपार्टमेंट प्रोजेक्ट के नाम पर रची गई सुनियोजित साजिश, कोतवाली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
- Advertisement -
बरेली। नैनीताल में 2 बीएचके फ्लैट दिलाने का सुनहरा सपना दिखाकर ठगों ने बरेली के एक युवक से 5 लाख रुपये की ठगी कर ली। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेन्द्रनगर निवासी आलोक सक्सेना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पहचान सिविल लाइंस निवासी आनन्द गुप्ता से हुई थी।
आनन्द गुप्ता ने अपने साथियों मोहन सिंह रुतेजा, आसिम और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर नैनीताल में अपार्टमेंट प्रोजेक्ट चलाने का दावा किया।
सस्ते दाम में शानदार फ्लैट देने का लालच देकर आरोपियों ने पहले भरोसा जीता और फिर सुनियोजित तरीके से ठगी की साजिश को अंजाम दिया।
घर बुलाकर तय किया सौदा, चेक से निकलवाए 5 लाख रुपये पीड़ित के अनुसार, 19 मार्च 2025 को आनन्द गुप्ता ने उसे अपने घर बुलाया। वहां मौजूद सभी आरोपियों ने मिलकर 35 लाख रुपये में नैनीताल में 2 बीएचके फ्लैट देने का सौदा तय किया। बुकिंग के नाम पर 5 लाख रुपये टोकन मनी की मांग की गई।
आलोक सक्सेना ने मोहन सिंह रुतेजा के नाम ढाई-ढाई लाख रुपये के दो चेक दिए, जो 21 मार्च 2025 को बैंक से क्लियर हो गए।
इसके बावजूद आरोपियों ने न तो कोई बुकिंग रसीद दी और न ही फ्लैट से संबंधित कोई दस्तावेज सौंपा।
नैनीताल पहुंचने पर खुली पोल, नहीं मिला कोई प्रोजेक्ट शक होने पर जब पीड़ित नैनीताल में बताए गए पते पर पहुंचा तो वहां न कोई अपार्टमेंट मिला और न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य चलता हुआ पाया गया।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन वे लगातार टालमटोल करते रहे।
पैसे मांगने पर गालियां और जान से मारने की धमकी आरोप है कि 20 दिसंबर 2025 को जब पीड़ित अपने रुपये वापस मांगने आनन्द गुप्ता के घर पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी की। गालियां देते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी गई और वहां से भगा दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि आनन्द गुप्ता, मोहन सिंह रुतेजा, आसिम और उनके अन्य साथियों ने मिलकर सुनियोजित ढंग से उसके 5 लाख रुपये हड़प लिए।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में हड़कंप
पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
नैनीताल में फ्लैट दिलाने के नाम पर हुई इस ठगी की घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट/आसिफ अली