बरेली में ठगी के मास्टरमाइंड कन्हैया गुलाटी पर गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा, संपत्ति जब्ती की तैयारी
- Advertisement -
बरेली में ठगी के मास्टरमाइंड कन्हैया गुलाटी पर गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा, संपत्ति जब्ती की तैयारी
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
कैनविज ग्रुप के जरिए 800 करोड़ से अधिक की ठगी का आरोप, देशभर में 40 मुकदमे दर्ज
बरेली।कैनविज ग्रुप के मालिक कन्हैया लाल गुलाटी पर अब कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। सैकड़ों निवेशकों से अरबों रुपये की ठगी के आरोपों में घिरे गुलाटी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने गैंग पंजीकरण, हिस्ट्रीशीट खोलने और संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया शुरू कराने के आदेश दिए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है..
कि कन्हैया गुलाटी और उसके सहयोगियों पर देश के विभिन्न राज्यों में कुल 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से अकेले बरेली जनपद में 34 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इसके अलावा शाहजहांपुर में दो, अयोध्या और कासगंज में एक-एक, बिहार के बेरो जिले और झारखंड की राजधानी रांची में भी एक-एक मामला दर्ज है।
800 करोड़ से ज्यादा की ठगी कर फरार बताया जा रहा गुलाटी डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि स्टेडियम रोड निवासी कन्हैया लाल गुलाटी पर करीब 800 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर फरार होने का आरोप है।
दर्ज मुकदमों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही न्यायालय में विचाराधीन मामलों में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी कराई जा रही है, ताकि आरोपियों को अधिकतम सजा दिलाई जा सके।
उन्होंने बताया कि गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के अंतर्गत संपत्ति जब्तीकरण, गैंग पंजीकरण और हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया प्रचलित कर दी गई है।
गुलाटी के सहयोगियों की भी होगी संपत्ति जांच
पुलिस जांच में गुलाटी के करीबी सहयोगियों के रूप में इज्जतनगर के उदित पार्ट-2 निवासी मोहम्मद यासीन और डीडीपुरम निवासी आशीष महाजन के नाम सामने आए हैं।
इन दोनों के खिलाफ भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि गुलाटी के साथ ठगी में शामिल सभी लोगों और भविष्य में चिन्हित होने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी और उनकी संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी।
भाजपा जिला कोषाध्यक्ष से 13 लाख की ठगी का मामला दर्ज
कैनविज चिटफंड घोटाले में एक और बड़ा नाम सामने आया है। भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने किला थाने में 13 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।
उन्होंने कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी राधिका गुलाटी, बेटे गोपाल गुलाटी समेत अन्य को नामजद किया है।
मनोज गुप्ता के अनुसार, डेढ़ साल पहले खुद को कैनविज कंपनी का अधिकारी बताने वाले कुछ लोगों ने बीस महीनों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया।
शुरुआती तौर पर मामूली ब्याज लौटाकर भरोसा जीता गया और बाद में उनके तथा उनकी पत्नी के नाम पर लाखों रुपये निवेश करा लिए गए।
भरोसा दिलाते रहे गुर्गे, रकम समेटकर फरार हुआ गिरोह
जब निवेश पर ब्याज मिलना बंद हुआ तो गुलाटी के सहयोगियों ने तकनीकी खामियों और सॉफ्टवेयर अपडेट का बहाना बनाकर टालमटोल की। बाद में गुलाटी के फरार होने की जानकारी सामने आई।
खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।