नए साल का जश्न मनाएं… पर संभलकर: हुड़दंग पर बरेली पुलिस की सख्त कार्रवाई तय
- Advertisement -
नए साल का जश्न मनाएं… पर संभलकर: हुड़दंग पर बरेली पुलिस की सख्त कार्रवाई तय
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
एसएसपी अनुराग आर्य का अलर्ट-सड़क पर शराब पार्टी, तेज रफ्तार और बदसलूकी बर्दाश्त नहीं, जिलेभर में चेकिंग व नाकाबंदी
बरेली। नववर्ष के जश्न को लेकर बरेली पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नए साल के नाम पर किसी भी तरह का हुड़दंग, बदसलूकी, नियमों का उल्लंघन या सार्वजनिक अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
एसएसपी ने कहा कि सड़क पर यातायात बाधित करना, तेज रफ्तार से वाहन चलाना, नशे में ड्राइविंग करना या सार्वजनिक स्थानों पर शराब पार्टी करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ऐसे मामलों में मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नववर्ष की रात सड़कों पर सक्रिय रहकर गश्त और सघन चेकिंग की जाए।
प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही उत्तराखंड सीमा पर विशेष नाकाबंदी रहेगी, जहां संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच होगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए पुलिस गति मापक यंत्र
(स्पीड गन) और अल्कोहल मीटर का इस्तेमाल करेगी।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर न केवल चालान किया जाएगा, बल्कि गंभीर मामलों में वाहन सीज करने और आरोपियों को न्यायिक कार्रवाई के तहत जेल भेजे जाने की भी व्यवस्था है।
नववर्ष के आयोजनों को लेकर आयोजकों के लिए भी स्पष्ट गाइडलाइन जारी की गई है। पुलिस प्रशासन आयोजनों में सहयोग करेगा, लेकिन यह आयोजकों की जिम्मेदारी होगी कि उनके परिसरों में कोई अमर्यादित, अवैध या कानून-विरोधी गतिविधि न हो।
उल्लंघन की स्थिति में आयोजकों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अनुराग आर्य ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का जश्न जिम्मेदारी और संयम के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में तत्काल 112 पर कॉल करें—पीआरवी समय पर मौके पर पहुंचेगी। सुरक्षित, शांत और खुशहाल नववर्ष मनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है।