अमरोहा की NEET छात्रा इलमा कुरैशी की रहस्यमयी मौत, दिमाग में ‘कीड़े’ की आशंका ने खड़े किए सवाल
- Advertisement -
अमरोहा की NEET छात्रा इलमा कुरैशी की रहस्यमयी मौत, दिमाग में ‘कीड़े’ की आशंका ने खड़े किए सवाल
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
अमरोहा/दिल्ली।उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा की रहने वाली 19 वर्षीय इलमा कुरैशी की दिल्ली के प्रतिष्ठित राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इलमा NEET की तैयारी कर रही थी और उसकी अचानक बिगड़ती सेहत व मौत के पीछे डॉक्टरों द्वारा बताई गई वजह ने पूरे इलाके में चिंता और बहस को जन्म दे दिया है।
परिजनों के अनुसार, इलमा को कुछ समय से तेज सिरदर्द और तबीयत बिगड़ने की शिकायत थी। जब हालत गंभीर हुई तो उसे दिल्ली के RML अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि इलमा के सिर में करीब 20 गांठें बन चुकी थीं, जो बेहद असामान्य थीं। इलाज कर रहे डॉक्टरों ने परिवार को यह भी बताया कि दिमाग में “पत्ता गोभी का कीड़ा” (एक प्रकार का परजीवी) घुसने से ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है।
डॉक्टरों की इस जानकारी के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया। कुछ अन्य चिकित्सकों का कहना है कि इस तरह के परजीवी कुछ पशुओं में पाए जाते हैं और अधपका या संक्रमित मांस खाने से यह इंसान के शरीर में पहुंच सकता है।
खासकर नॉनवेज खाने वालों में, यदि मीट पूरी तरह साफ या ठीक से पका न हो, तो इस तरह के संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।
इलमा की मौत के बाद परिवार सदमे में है और उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों का कहना है कि एक होनहार छात्रा की इस तरह मौत कई सवाल छोड़ गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना से लोगों को खानपान और स्वच्छता को लेकर और अधिक सतर्क होने की जरूरत है।
फिलहाल, इलमा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। इस घटना ने न सिर्फ अमरोहा बल्कि पूरे प्रदेश में चिंता की लहर दौड़ा दी है।