- Advertisement -
सीएआरआई में 40वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, बच्चों से लेकर बड़ों तक ने दिखाया दमखम
बैडमिंटन, दौड़, रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, खेलों से होता है व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास : डॉ. जगबीर सिंह त्यागी
- Advertisement -
बरेली। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई), इज्जतनगर में 40वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साह और उमंग के साथ आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों और उनके परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा, उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि अनुराधा त्यागी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में भाग लेने से व्यक्ति का आत्मसम्मान बढ़ता है और सामाजिक संपर्क मजबूत होते हैं। खेलकूद न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नियमित रूप से होते रहने चाहिए, जिससे सभी आयु वर्ग के लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
संस्थान के निदेशक डॉ. जगबीर सिंह त्यागी ने बच्चों और अन्य प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतिभागियों को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कई खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें बैडमिंटन, 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, रिले रेस, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर और नींबू-चम्मच दौड़ प्रमुख रहीं। इसके साथ ही कला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों से लेकर संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों तक ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
मैदान में प्रतिभागियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य संस्थान के कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाने के साथ ही खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में खेलकूद समिति के सचिव डॉ. मतीन अंसारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. संदीप सरन, डॉ. चंद्रदेव, डॉ. मतीन अंसारी, डॉ. गौतम, डॉ. जयदीप रोकड़े, प्रशासनिक अधिकारी दिलीप कुमार सपरा, वरिष्ठ वित्त लेखाधिकारी कैलाश चंद्र, सहायक प्रशासनिक अधिकारी रूपेश कुमार पाठक, स्टाफ वेलफेयर क्लब के सचिव जयदीप अरोड़ा, विजय गुप्ता, राकेश जैसवारा सहित संस्थान के अनेक अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।