चोरी का माल खपाने वालों पर बरेली पुलिस का शिकंजा, सात थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 15 आरोपी गिरफ्तार

0 29

- Advertisement -

चोरी का माल खपाने वालों पर बरेली पुलिस का शिकंजा, सात थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 15 आरोपी गिरफ्तार

 

- Advertisement -

कबाड़ की दुकानों और गोदामों में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, बिजली के तार, मीटर, मोटरसाइकिलों के इंजन-पुर्जे, बैटरियां और ट्रैक्टर समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद

बरेली। जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदकर उसे बाजार में खपाने वाले लोगों के खिलाफ बरेली पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में चलाए गए एक दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सात थाना क्षेत्रों में कबाड़ की दुकानों, गोदामों और संदिग्ध प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। कार्रवाई में चोरी के बिजली के तार, विद्युत मीटर, मोटरसाइकिलों के इंजन और पुर्जे, बैटरियां, ट्रैक्टर समेत अन्य सामान बरामद किया गया।

पुलिस का मानना है कि चोरी की घटनाओं के पीछे चोरी का सामान खरीदने और उसे आगे बेचने वाला नेटवर्क भी बड़ी भूमिका निभाता है। चोरों को चोरी का माल आसानी से बेचने का ठिकाना मिल जाता है, जिससे उनका हौसला बढ़ता है। इसी कड़ी को तोड़ने के उद्देश्य से पुलिस ने कबाड़ कारोबारियों और संदिग्ध गोदामों की जांच का अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दुकानों के दस्तावेज, सामान की खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख और गोदामों में रखे सामान का भौतिक सत्यापन किया। कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध कागजात और बिल के किसी भी प्रकार का सामान न खरीदें। चोरी का संदिग्ध सामान मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने चेतावनी दी कि चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आंवला में कबाड़ की दुकान पर छापा, तीन गिरफ्तार

आंवला थाना पुलिस ने 29 और 30 अक्टूबर की रात कस्बे में स्थित शाह ट्रेडर्स नामक कबाड़ की दुकान पर चेकिंग के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मरदान शाह निवासी अलीगंज अड्डा, नियाज निवासी भूतेश्वर मंदिर और सद्दाम निवासी कुरैशियान मोहल्ला के रूप में हुई है।

पुलिस ने दुकान और परिसर की तलाशी ली तो वहां से दो विद्युत मीटर, रोड स्टैंड, चांदी और तांबे के बिजली के तार, विद्युत मोटर, इंसुलेटर और 22 नट-बोल्ट बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में सक्रिय चोरों से बिना बिल के कम कीमत पर सामान खरीदने और बाद में उसका स्वरूप बदलकर अधिक दामों पर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।

अलीगंज में चोरी की बाइक के पुर्जों से तैयार रिक्शा बरामद

अलीगंज थाना पुलिस ने 30 अक्टूबर को बिजलीघर के पास अलीगंज-बिसारतगंज मार्ग से वसीम निवासी ग्राम तिगाई दत्तनगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल के पुर्जों से तैयार किया गया मॉडिफाइड रिक्शा बरामद किया।

इसके अलावा 15 मोटरसाइकिल के पुर्जे, अलग-अलग कंपनियों की तीन पेट्रोल टंकियां और छह किलो 400 ग्राम जला हुआ तांबे का तार भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्षेत्र के चोरों से बिना बिल के कम कीमत पर सामान खरीदता था और उसे गलाकर या उसका स्वरूप बदलकर महंगे दामों पर बेचता था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।

फरीदपुर में गोदामों पर छापेमारी, ट्रैक्टर और इंजन मिले

फरीदपुर थाना पुलिस ने 29 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर बाईपास कट के पास इकबाल के गोदाम के बराबर स्थित खाली प्लॉट में छापेमारी कर इकबाल और लकी को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों की निशानदेही पर चिट्टू ढाबे के पास बन्ने के गोदाम पर दबिश दी गई, जहां से बन्ने को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, उसका पुत्र शमी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने इकबाल के गोदाम से एचएमटी ट्रैक्टर का इंजन, पानी की विद्युत मोटर और बिना कागजात का स्वराज 724 ट्रैक्टर बरामद किया। लकी के गोदाम से चार बैटरियां और पांच टुकटुक बैटरी चार्जर मिले। वहीं बन्ने के गोदाम से दो मोटरसाइकिल और टीवीएस मोटरसाइकिल का इंजन बरामद हुआ। फरार शमी के गोदाम से वाहन का एक इंजन तथा बजाज मोटरसाइकिल का फ्रेम और इंजन मिला।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी का सामान सस्ते दामों पर खरीदकर किसानों और अन्य ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचते थे। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार शमी की तलाश की जा रही है।

मीरगंज में बिजली के तार और उपकरणों के साथ दो गिरफ्तार

मीरगंज थाना पुलिस ने ग्राम गूला के जंगल से चोरी हुए बिजली के तार और अन्य विद्युत उपकरणों की बरामदगी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हबीब निवासी चुरई दलपतपुर और शखावत निवासी सराय खान मोहल्ला, मीरगंज के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिजली के तार का एक बंडल, 10 आर्मर्ड पीस, एक लाइन स्पेंसर, एक जिरिंग समेत अन्य विद्युत उपकरण बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कथित तौर पर गजेन्द्र और समीर नाम के व्यक्तियों से चोरी का सामान खरीदा था। पुलिस से बचने के लिए उसे खेत में छिपाकर रखा गया था। पुलिस अब चोरी का सामान बेचने वाले बताए जा रहे गजेन्द्र और समीर की तलाश कर रही है।

सिरौली में 79.43 किलो बिजली का तार मिला

सिरौली थाना पुलिस ने 29 अक्टूबर को गुलड़िया गौरीशंकर मंदिर के पास स्थित कबाड़ की दुकान पर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से राजू शर्मा निवासी गुलड़िया उपराला और टिंकू निवासी ग्राम शहबाजपुर, थाना कुंदरकी, जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार किया।

दोनों के कब्जे से 79.43 किलोग्राम सफेद धातु का बिजली का तार बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह तार अज्ञात लोगों से सस्ते दामों पर खरीदा था और उसे अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फतेहगंज पूर्वी में मोटरसाइकिल के पुर्जे काटने का सामान बरामद

फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस ने 30 अक्टूबर को कस्बे में पेट्रोल पंप के सामने स्थित मोटरसाइकिल की दुकान पर छापेमारी कर सकील निवासी मोहल्ला सराय खाम को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने दुकान से मोटरसाइकिल का एक इंजन, दो पहिये, चार शॉकर, चेन, बैटरी, गद्दी, हैंडल, ड्रम प्लेट, मडगार्ड समेत कई अन्य पुर्जे बरामद किए। मौके से एक ग्राइंडर भी मिला। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कबाड़ में एक मोटरसाइकिल खरीदी थी और ग्राइंडर की मदद से उसके अलग-अलग पुर्जे कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

भुता में कबाड़ की दुकान से कटी बाइक और टंकियां बरामद

भुता थाना पुलिस ने राठौड़ एंटरप्राइजेज नामक कबाड़ की दुकान पर कार्रवाई करते हुए वीरपाल, पप्पू और श्रीपाल उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने दुकान से लाल रंग की एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल, मोटरसाइकिल का बीच से कटा हुआ चेसिस, तीन अलग-अलग कंपनियों की पेट्रोल टंकियां और पानी की टिल्लू मोटर बरामद की। बरामद मोटरसाइकिल और अन्य पुर्जों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।

चोरी का सामान खरीदने वाले भी पुलिस के रडार पर

बरेली पुलिस की इस कार्रवाई में साफ संदेश देने की कोशिश की गई है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदकर उसे खपाने वाले भी पुलिस की कार्रवाई से नहीं बच पाएंगे। पुलिस का कहना है कि चोरी का सामान खरीदने वाले ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और कबाड़ की दुकानों व गोदामों का सत्यापन लगातार जारी रहेगा।

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के जरिए पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क पर प्रहार किया है। पुलिस अब बरामद सामान के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है, ताकि चोरी का माल बेचने और खरीदने वाले पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके। आने वाले दिनों में भी संदिग्ध प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान जारी रहने की बात कही गई है।