गो-तस्करी के मामले में फरार 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में दबोचा, पुलिसकर्मी भी घायल
- Advertisement -
गो-तस्करी के मामले में फरार 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में दबोचा, पुलिसकर्मी भी घायल
आंवला-रामनगर मार्ग पर रेवती फाटक के पास हुई मुठभेड़, बदमाश के दाहिने पैर में लगी गोली; पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस किए बरामद, आरोपी पर दर्ज हैं 19 मुकदमे
- Advertisement -
बरेली। गो-तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को आंवला पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आंवला-रामनगर मार्ग पर रेवती फाटक के पास हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश छोटा उर्फ रिजवान के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसकी ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी आंवला भेजा गया।
सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती 8/9 अक्टूबर की रात थाना आंवला क्षेत्र के ग्राम आसपुर में अज्ञात लोगों ने गोवंशीय पशुओं का वध किया था। इस संबंध में 9 अक्टूबर को गणेश गिरि निवासी ग्राम आसपुर ने अपने साथियों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया था।
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने इस घटना में शामिल होने के आरोप में हैदर अली निवासी मुरादाबाद और शाहरुख निवासी संभल को वाहन सहित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई के दौरान भी दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे। वहीं, मामले में शामिल छोटा उर्फ रिजवान पुत्र बब्बू शाह निवासी ग्राम रेवरी खुर्द, थाना मिलक, जिला रामपुर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
सुबह घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
सीओ हेमंत उपाध्याय के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6:02 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी बदमाश आंवला-रामनगर मार्ग की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेवती फाटक के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली आरक्षी दुलीचंद की बाईं बाजू को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की तो बदमाश के दाहिने घुटने में गोली लग गई। गोली लगने से वह सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। मौके से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए।
रामपुर का गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर है आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छोटा उर्फ रिजवान रामपुर जिले का गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रामपुर, बरेली समेत विभिन्न थानों में गोवध, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट सहित अलग-अलग धाराओं में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ गोवंशीय पशुओं की तलाश में क्षेत्र में रेकी करने की बात स्वीकार की है। साथ ही बदायूं-आंवला मार्ग पर गोवंशीय पशु के वध की पूर्व की घटना में भी शामिल होने की जानकारी दी है।
मुठभेड़ के बाद अलग मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मुठभेड़ और पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 561/2026, धारा 109(1) बीएनएस और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अपराध अजीत सिंह, उपनिरीक्षक परमित कुमार, अखिल प्रताप सिंह सहित आंवला पुलिस की टीम शामिल रही। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गो-तस्करी से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।