भोजीपुरा में लूटकांड का पर्दाफाश, दो लाख रुपये समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

0 13

- Advertisement -

भोजीपुरा में लूटकांड का पर्दाफाश, दो लाख रुपये समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, जवाबी फायरिंग में सिपाही भी घायल; वारदात में इस्तेमाल बाइक और तमंचा बरामद

- Advertisement -

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे युवक से हुई दो लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो लाख रुपये की पूरी रकम बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार शनिवार 31 अक्टूबर को वांछित आरोपियों की तलाश में भोजीपुरा पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मनहेरा पुलिया के पास मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।

बैंक से दो लाख रुपये निकालकर लौट रहे युवक को बनाया था निशाना

पुलिस के मुताबिक 30 अक्टूबर 2026 को भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रतना चुन्नीलाल निवासी उवैश पुत्र खादिम अली अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से दो लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। रास्ते में अलीनगर से खड़ंजे वाले मार्ग पर एक ट्यूबवेल के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दोनों को नीचे गिरा दिया और उनके पास मौजूद बैग में रखे दो लाख रुपये लूटकर लाडपुर की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पीड़ित की शिकायत पर भोजीपुरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 901/2026 के तहत धारा 61(2)/309(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं।

मुठभेड़ में एहसान के पैर में लगी गोली

शनिवार को मनहेरा पुलिया के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में रामपुर जनपद के थाना खजुरिया क्षेत्र के ग्राम खजुरिया खुर्द निवासी एहसान अली पुत्र जाकिर अली के दाहिने पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने घायल एहसान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एहसान अली (करीब 19 वर्ष), विनीत गंगवार पुत्र महिपाल गंगवार निवासी ग्राम सराय, थाना शीशगढ़ और मोनिश अली पुत्र छोटे शाह निवासी ग्राम रतना चुन्नीलाल, थाना भोजीपुरा शामिल हैं।

आरोपियों से एक-एक लाख रुपये की बरामदगी

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी एहसान अली के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और लूट की रकम में से एक लाख रुपये बरामद किए गए। वहीं, विनीत गंगवार और मोनिश अली के पास से 50-50 हजार रुपये और मोबाइल फोन मिले।

इसके अलावा लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली। इस तरह तीनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी दो लाख रुपये की रकम बरामद होने की बात सामने आई है।

पुलिस आरक्षी भी हुआ घायल, अस्पताल में कराया भर्ती

मुठभेड़ के दौरान पुलिस आरक्षी अंकित कुमार के बाएं बाजू में गोली की रगड़ लगने से चोट आई है। पुलिस ने घायल आरोपी एहसान अली और आरक्षी अंकित कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजीपुरा भेजा।

पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने शत-प्रतिशत रकम बरामद करने का दावा किया है।