50 हजार का इनामी गो-तस्करी आरोपी गिरफ्तार, एसटीएफ बरेली यूनिट ने गाजियाबाद से दबोचा
- Advertisement -
50 हजार का इनामी गो-तस्करी आरोपी गिरफ्तार, एसटीएफ बरेली यूनिट ने गाजियाबाद से दबोचा
प्रयागराज के कोरांव थाने में दर्ज मुकदमे में लंबे समय से चल रहा था वांछित, दिल्ली-एनसीआर में लगातार बदल रहा था ठिकाने
- Advertisement -
लखनऊ/बरेली। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की बरेली फील्ड यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने गो-तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त भउवा उर्फ बबुआ उर्फ नुसरत को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रयागराज कमिश्नरेट के कोरांव थाने में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट से जुड़े मुकदमे में वांछित था।
एसटीएफ के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2024 को बरेली फील्ड यूनिट की टीम ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में अभयखंड पुलिस चौकी के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के कांठ थाना क्षेत्र के रावतपुर का निवासी बताया गया है।
ट्रक में पशुओं की तस्करी के मामले में था वांछित
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2024 को प्रयागराज कमिश्नरेट के कोरांव थाने में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान एक ट्रक संख्या यूपी 22 टी 3738 पकड़ा गया था। इस मामले में भउवा उर्फ बबुआ उर्फ नुसरत की तलाश की जा रही थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ट्रक चालक होने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बदल रहा था ठिकाने
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। लंबे समय से फरार रहने के कारण उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी तलाश में जुटी एसटीएफ बरेली फील्ड यूनिट ने सूचना के आधार पर गाजियाबाद में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोरांव पुलिस को सौंपा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को प्रयागराज कमिश्नरेट के कोरांव थाने में दाखिल कराया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को गो-तस्करी से जुड़े मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब स्थानीय पुलिस मुकदमे से संबंधित तथ्यों और आरोपी की भूमिका के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
रिपोर्ट:आसिफ अली