- Advertisement -
PET-2026 के अभ्यर्थियों के लिए रेलवे की विशेष व्यवस्था, हजारों यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया
स्पेशल ट्रेनों के संचालन से लेकर भीड़ प्रबंधन तक रेलवे अलर्ट, खानपान, पेयजल, हेल्प डेस्क और अतिरिक्त टिकट काउंटरों की भी की गई व्यवस्था
- Advertisement -
बरेली। PET-2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं। अभ्यर्थियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। साथ ही रेलवे अधिकारियों, आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी की। रेलवे के प्रयासों से हजारों यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
सीनियर डीसीएम महेश यादव के निर्देश पर बरेली में सीसीआई सैय्यद इमरान ने अपनी टीम के साथ व्यवस्थाओं की निगरानी की। इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी सक्रिय रहे। स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने, अभ्यर्थियों को सही दिशा में मार्गदर्शन देने और ट्रेनों में सुरक्षित तरीके से चढ़ने-उतरने में सहायता करने पर विशेष जोर दिया गया।
ट्रेनों में पहुंचकर अभ्यर्थियों की मदद में जुटे अधिकारी
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने ट्रेन के प्रत्येक डिब्बे में पहुंचकर अभ्यर्थियों की स्थिति का जायजा लिया। विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें व्यवस्थित तरीके से बैठाने और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों को दूर करने का प्रयास किया गया। भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रखी गई, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
खानपान, पेयजल और हेल्प डेस्क की सुविधा
अभ्यर्थियों और अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए खानपान, पेयजल, उद्घोषणा प्रणाली और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई। इसके अलावा टिकट लेने वाले यात्रियों की भीड़ को कम करने के उद्देश्य से अतिरिक्त टिकट काउंटर भी उपलब्ध कराए गए। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को समय पर जानकारी देना, टिकट संबंधी परेशानी कम करना और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाना रहा।
रेलवे प्रशासन ने परीक्षा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय पर जोर दिया। स्पेशल ट्रेनों के संचालन, सुरक्षा बलों की तैनाती और अधिकारियों की निगरानी के जरिए अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए गए।